Breaking News

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का बड़ा फैसला: 52 अधिकारियों के तबादले, 19 को प्रमोशन     |   चीनी सेना में बड़ा फेरबदल: शी जिनपिंग ने दो नए सैन्य कमांडरों को प्रमोट किया     |   अपकमिंग फिल्म में बनेंगी नन: सिनेमा में वापसी को लेकर सेलिना जेटली ने खोले राज     |   अहमदाबाद में आज शाम PM मोदी करेंगे 7600 करोड़ की CG Semi फैक्ट्री का उद्घाटन     |   मौसम विभाग का बड़ा अलर्ट: गुजरात, कोंकण और गोवा के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट     |  

PM मोदी ने राजस्थान को दी बड़ी सौगात, देश की पहली ग्रीनफील्ड रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल परियोजना का किया उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान के बालोतरा जिले के पचपदरा में देश की पहली ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल परियोजना का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने राज्य की कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। प्रधानमंत्री ने जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना की आधारशिला रखी। 13,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली इस परियोजना के तहत 41 किलोमीटर लंबा उत्तर-दक्षिण मेट्रो कॉरिडोर बनाया जाएगा, जिसमें 36 स्टेशन होंगे।

इसके अलावा प्रधानमंत्री ने चूरू-सादुलपुर और चूरू-रतनगढ़ रेल लाइन दोहरीकरण परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित किया। साथ ही करीब 740 करोड़ रुपये की लागत से बने जोधपुर रिंग रोड के एक हिस्से का भी उद्घाटन किया। ऊर्जा क्षेत्र को बढ़ावा देते हुए प्रधानमंत्री ने एसजेवीएन की 1,000 मेगावाट बीकानेर सौर ऊर्जा परियोजना और एनएचपीसी की 300 मेगावाट करणीसर सौर परियोजना भी राष्ट्र को समर्पित की। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने राजस्थान सरकार के विभिन्न विभागों में चयनित करीब 54,000 युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए।

पचपदरा की यह रिफाइनरी हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) और राजस्थान सरकार के संयुक्त उपक्रम के रूप में विकसित की गई है। इस परियोजना पर 79,450 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया गया है। इसकी वार्षिक 9 मिलियन मीट्रिक टन कच्चे तेल को रिफाइन करने की क्षमता है, जबकि 2.4 मिलियन मीट्रिक टन पेट्रोकेमिकल उत्पाद तैयार किए जा सकेंगे। यह परियोजना देश के ऊर्जा और पेट्रोकेमिकल क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। इस कार्यक्रम में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा भी मौजूद रहे।

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया और संशोधित उड़ान (UDAN) योजना की शुरुआत की। करीब 23 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में बने इस नए टर्मिनल की क्षमता हर साल 20 लाख यात्रियों को संभालने की है। वहीं, क्षेत्रीय हवाई संपर्क को मजबूत करने के लिए अगले 10 वर्षों में 28,840 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।