पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बर्धमान से तारकेश्वर जा रही एक यात्री बस आदमबांध गांव के पास नहर के किनारे पलट गई। हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। स्थानीय निवासी देबज्योति ने बताया कि सड़क की खराब हालत हादसे का प्रमुख कारण हो सकती है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि करीब 30 यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। उन्होंने कहा, "सड़क की हालत बेहद खराब है। संभव है कि ब्रेक फेल होने की वजह से भी हादसा हुआ हो। हमारी मांग है कि इस सड़क की जल्द मरम्मत कराई जाए।"
इससे पहले रविवार को पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के मयनागुड़ी इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 (NH-27) पर एक बस और ट्रक की टक्कर में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 29 अन्य घायल हो गए थे। बीजेपी सांसद जयंत कुमार राय ने बताया कि हादसे के बाद 32 लोगों को अस्पताल ले जाया गया था, जिनमें से चार की इलाज के दौरान मौत हो गई। घायलों में 17 महिलाएं और 15 पुरुष शामिल थे। कई गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों में भेजा गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया है।
पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को 1 लाख रुपये और मामूली रूप से घायल लोगों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। जलपाईगुड़ी हादसा तब हुआ था जब सिलीगुड़ी से कूचबिहार जा रही नॉर्थ बंगाल स्टेट ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (NBSTC) की बस एक खड़े ट्रेलर से टकरा गई थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेलर का पिछला हिस्सा बस में घुस गया, जिससे कई यात्री उसमें फंस गए थे।