Breaking News

भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज     |   लखनऊ अग्निकांड मामले में SIT की जांच शुरू     |   राजस्थान के 19 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट     |   लखनऊ अग्निकांड: सभी आरोपियों को जेल भेजा गया     |   CUET UG के नतीजे घोषित     |  

पश्चिम बंगाल: दीघा जगन्नाथ मंदिर का आज होगा उद्घाटन

पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले में समुद्र तट पर स्थित पर्यटन शहर दीघा में नवनिर्मित ‘जगन्नाथधाम' का आज ‘अक्षय तृतीया' के अवसर पर उद्घाटन किया जाएगा। यह मंदिर पुरी स्थित 12वीं सदी के मंदिर की प्रतिकृति है। भगवान जगन्नाथ का मंदिर इस परियोजना का अभिन्न अंग है। इस मंदिर को 20 एकड़ भूमि पर बनाया गया है और इसके लिए राजस्थान के बंसी पहाड़पुर से लाए गए लाल बलुआ पत्थर का उपयोग किया गया है। लगभग 65 मीटर ऊंचा यह मंदिर जटिल नक्काशी और पारंपरिक डिजाइन का मिश्रण है।

पुरी के जगन्नाथ मंदिर की तरह दीघा में नवनिर्मित जगन्नाथ मंदिर को भी गर्भगृह विमान, जगमोहन, नट मंदिर (नृत्य कक्ष) और भोग मंडप नामक चार मंडपों में विभाजित किया गया है जो इतिहास और परंपरा से समृद्ध हिंदू आस्था की जीवंत झलक दिखाते हैं। दीघा मंदिर में भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की मूर्तियां प्राचीन पुरी जगन्नाथ मंदिर की मूर्तियों की प्रतिकृतियां हैं और इन्हें पत्थर से तराशा गया है।

पुरी मंदिर की तरह दीघा जगन्नाथ मंदिर के ऊपर भी हर शाम ध्वज फहराया जाएगा। मंदिर में पूर्व, पश्चिम, उत्तर और दक्षिण यानी सभी चारों दिशाओं से प्रवेश किया जा सकता है। मुख्य द्वार से प्रवेश करने के बाद अरुण स्तंभ है, फिर सिंह द्वार और उसके ठीक सामने व्याघ्र द्वार है। मंदिर में हस्ति द्वार और अश्व द्वार भी हैं। मंदिर के गुंबद से लेकर हर दरवाजे को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है।

खास तौर पर उद्घाटन के दिन ‘लेजर शो' और ‘डायनामिक लाइट शो' होगा। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को कहा था कि यह मंदिर अगले कई हजार वर्षों तक लोगों के समागम स्थल के रूप में काम करेगा। बनर्जी ने कहा था, ‘‘दीघा अंतरराष्ट्रीय आकर्षण का एक पर्यटक केंद्र बन जाएगा। यह सद्भाव का स्थान बनेगा।''

उन्होंने कहा था, ‘‘समुद्र के कारण दीघा का एक विशेष आकर्षण है। अब अगर यह तीर्थस्थल बन जाता है, तो और अधिक पर्यटक यहां आएंगे। मुझे लगता है कि मूर्तिकारों ने शानदार काम किया है।'' दीघा पूर्व मेदिनीपुर जिले में एक लोकप्रिय समुद्री ‘रिसॉर्ट' शहर है। ‘जगन्नाथ धाम’ का निर्माण हाउसिंग इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन ने करीब 250 करोड़ रुपये की लागत से किया है। ममता ने 2018 में दीघा में ‘जगन्नाथ धाम’ के निर्माण की घोषणा की थी। मंदिर का निर्माण 2022 में शुरू हुआ था।