पश्चिम बंगाल में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार सुबह नंदीग्राम में वोट डाला और निर्वाचन आयोग द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना की।
अधिकारी सुबह आठ बजे से कुछ ही समय पहले पूर्व मेदिनीपुर जिले के नंदनायकबार प्राथमिक विद्यालय में बूथ नंबर 79 पर पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
मतदान के बाद पत्रकारों से बातचीत में अधिकारी ने लोगों से शांतिपूर्ण मतदान करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, ‘‘मैं शांतिपूर्ण मतदान के लिए प्रार्थना करता हूं। वे (तृणमूल कांग्रेस) ज्यादा गड़बड़ी नहीं कर पाए और न ही कर पाएंगे। मतदान से पहले की रात आमतौर पर निर्णायक होती है। प्रथम दृष्टया, निर्वाचन आयोग और केंद्रीय बलों को धन्यवाद देना चाहिए।’’
नंदीग्राम से पुन: चुनाव लड़ने के अलावा अधिकारी भवानीपुर में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ भी चुनाव लड़ रहे हैं जहां 29 अप्रैल को दूसरे चरण में मतदान होगा। नंदीग्राम से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार पवित्र कर ने भी शंभूनाथ प्राथमिक शिक्षा सदन में अपना वोट डाला। भारतीय जनता पार्टी के खड़गपुर सदर उम्मीदवार दिलीप घोष ने भी पश्चिम मेदिनीपुर जिले के औद्योगिक शहर में स्थित सेरोसा स्टेडियम के बूथ नंबर 263 पर अपना वोट डाला।
मतदान के बाद पत्रकारों से बात करते हुए घोष ने कहा कि वह घर पर ही रहेंगे और जरूरत पड़ने पर ही बाहर निकलेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि ज्यादा आवाजाही की कोई जरूरत है। लोग शांतिपूर्वक मतदान कर रहे हैं। स्थिति सामान्य है।’’ अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के बीच 16 जिलों के 152 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान जारी है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा : BJP उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम में वोट डाला
You may also like
बरेली में बढ़ी गर्मी और मच्छर जनित बीमारियां, अस्पतालों में मरीजों की संख्या में इजाफा.
चारधाम यात्रा 2026: देवभूमि उत्तराखंड के चारों धामों का इतिहास.
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव: पहले चरण में शुरुआती दो घंटे में 18.76 प्रतिशत मतदान दर्ज.
राहुल गांधी मानहानि मामला: एमपी-एमएलए अदालत में धारा 311 पर बहस पूरी, आदेश दो मई को.