उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. आईएमडी के अनुसार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, देहरादून, टिहरी और नैनीताल इन आठ जिलों में आज बादल जमकर बरस सकते हैं. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इन इलाकों में कई जगह गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज हो सकती है.
मौसम विभाग ने पहाड़ी इलाकों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है. इसका मतलब है कि कुछ संवेदनशील स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज, झोंकेदार हवाएं भी चल सकती हैं. ऊंचाई वाले क्षेत्रों की बात करें तो 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई पर बसे इलाकों में हिमपात की संभावना जताई गई है.
इसके साथ ही अन्य जिलों में हल्की बौछारे पड़ने का अनुमान है. एक दिन पहले बुधवार को ही पिथौरागढ़, चंपावत, देहरादून और अल्मोड़ा में अच्छी बारिश हो चुकी है, जिससे साफ है कि मानसून-पूर्व की यह गतिविधि कुछ दिनों से सक्रिय बनी हुई है. राजधानी देहरादून में आज आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है. दिन के किसी हिस्से में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, साथ ही बिजली कड़कने और तेज हवाओं का दौर भी देखने को मिल सकता है. तापमान की बात करें तो शहर का अधिकतम पारा 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने की संभावना है.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में भी पहाड़ी जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है, जबकि मैदानी इलाकों में राहत बनी रहेगी. मौसम विभाग के मुताबिक, 19 जून को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कुछ जगह गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. बाकी पहाड़ी जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश या बौछारें संभव हैं. हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जैसे मैदानी जिलों में मौसम पूरी तरह सूखा बने रहने का अनुमान है.
इसके साथ ही 20 जून को भी इन्हीं पांच जिलों उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में फिर से कुछ स्थानों पर गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. शेष पर्वतीय जिलों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना बनी रहेगी, वहीं हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में मौसम साफ रहेगा. वहीं, 21 जून को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. अन्य पहाड़ी जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की वर्षा का दौर रह सकता है. मैदानी जिले हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर इस दिन भी शुष्क मौसम का अनुभव करेंगे. मौसम विभाग लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.