दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को पूर्वी विनोद नगर स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में ‘विद्या वाहिनी’ योजना की शुरुआत की। इस मौके पर उन्होंने दिल्ली सरकार के स्कूलों में कक्षा 9 में पढ़ने वाली 3 हजार से ज्यादा छात्राओं को मुफ्त साइकिलें बांटीं। इस योजना के तहत दिल्ली के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली करीब 1.40 लाख छात्राओं को चरणबद्ध तरीके से मुफ्त साइकिलें दी जाएंगी। सरकार का कहना है कि इससे छात्राओं को स्कूल आने-जाने में आसानी होगी और उन्हें सुरक्षित परिवहन की सुविधा मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने छात्राओं से बातचीत की और उनकी पढ़ाई, भविष्य की योजनाओं और सपनों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया। छात्राओं ने मुख्यमंत्री को अपने हाथों से बनाए चित्र भी भेंट किए।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि ‘विद्या वाहिनी’ सिर्फ साइकिल बांटने की योजना नहीं है, बल्कि यह बेटियों की स्वतंत्रता, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता से जुड़ी पहल है। उन्होंने कहा कि साइकिल से छात्राओं को स्कूल आने-जाने में कम समय लगेगा, उनकी नियमित उपस्थिति बढ़ेगी और पढ़ाई बीच में छोड़ने की संभावना भी कम होगी। उन्होंने छात्राओं से साइकिल का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने, ट्रैफिक नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की।
दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तीकरण को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि कक्षा 9 में पहुंचने के बाद कई छात्राओं को स्कूल की दूरी और आने-जाने की समस्या के कारण पढ़ाई में परेशानी होती है। ‘विद्या वाहिनी’ योजना ऐसी समस्याओं को कम करने में मदद करेगी।

उन्होंने बताया कि योजना के तहत आने वाले समय में दिल्ली के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली करीब 1 लाख 40 हजार छात्राओं को मुफ्त साइकिलें दी जाएंगी। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री और दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, शिक्षा मंत्री आशीष सूद, पटपड़गंज विधायक रविंद्र सिंह नेगी, शिक्षा एवं खेल निदेशक नितिन जिंदल, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।