Breaking News

विपक्ष के भारी हंगामे के चलते संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही सोमवार तक स्थगित     |   नेपाल में सांप्रदायिक तनाव के बीच भारत-नेपाल रेल सेवा अगले आदेश तक बंद     |   भरत तिवारी पर गोली चलाने वाला STF जवान अरेस्ट, एनकाउंटर मामले में बड़ा एक्शन     |   CWG 2026: लवप्रीत सिंह ने जीता सिल्वर, 1 किलो से गोल्ड चूके     |   CWG 2026: सीमा ने 58.65 मीटर थ्रो के साथ भारत को दिलाया ब्रॉन्ज मेडल     |  

ठाणे में इमारत गिरने से 9 लोगों की मौत, PM मोदी ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये की सहायता

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी में इमारत गिरने से हुई 9 लोगों की मौत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को दुख जताया। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। वहीं, हादसे में घायल लोगों को 50-50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।

प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर हादसे पर शोक जताया। PMO की ओर से कहा गया, "महाराष्ट्र के ठाणे में इमारत गिरने से हुई जनहानि की खबर से बेहद दुखी हूं। इस दुखद घटना में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं प्रार्थना करता हूं कि हादसे में घायल लोग जल्द से जल्द स्वस्थ हों।"

प्रधानमंत्री ने कहा कि हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी, जबकि घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे। प्रधानमंत्री का यह ऐलान भिवंडी के नारपोली स्थित गंगाराम वाड़ी इलाके में गुरुवार देर रात चार मंजिला आवासीय इमारत के एक हिस्से के गिरने के बाद आया है। इस हादसे में कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) के अनुसार, शुक्रवार को भी राहत और बचाव अभियान जारी रहा। मलबे के नीचे 3 से 4 लोगों के दबे होने की आशंका है।

हादसा रात करीब 11 बजे से 11:30 बजे के बीच हुआ, जब ग्राउंड प्लस चार मंजिला कोहिनूर बिल्डिंग के 'बी विंग' का एक हिस्सा अचानक ढह गया।ठाणे नगर निगम के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के अनुसार, भिवंडी-निजामपुर नगर निगम ने इस इमारत को पहले ही खतरनाक घोषित कर दिया था। इसके बावजूद इमारत में मरम्मत का काम चल रहा था और इसी दौरान यह हादसा हो गया।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना को बेहद दुखद बताया। उन्होंने नगर आयुक्त को तत्काल एफआईआर दर्ज करने और हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी बताया कि घायलों का इलाज कराया जा रहा है और हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। फिलहाल NDRF, ठाणे डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (TDRF), स्थानीय दमकल विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर राहत और बचाव अभियान में जुटी हुई हैं।