उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में भेड़िये का आतंक जारी है। महसी ब्लॉक के पिपरी गांव में रविवार रात भेड़िये के हमले में 11 साल का बच्चा घायल हो गया।
माता-पिता ने बताया कि उनका बेटा घर की छत पर रिश्तेदारों के साथ सो रहा था, तभी भेड़िये ने उस पर हमला कर दिया।
ये बहराइच में भेड़िये का ताजा हमला था। भेड़ियों ने यहां पिछले दो महीने में आठ लोगों की जान ले ली है। वन विभाग ने अब तक पांच भेड़ियों को पकड़ा है। उनका कहना है कि एक भेड़िया अब भी उनकी पकड़ से बाहर है।
भेड़िये के हमले की पहली घटना 17 जुलाई को हुई थी। भेड़िये ने एक साल के बच्चे पर हमला किया था। तब से हर चार-पांच दिन में भेड़ियों के हमले हो रहे हैं।