अभिनेत्री और डांसर नोरा फतेही ने NEET-UG 2026 पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों को अपना समर्थन दिया है। एक लंबे बयान में नोरा ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साहस और संघर्ष की तारीफ की। उन्होंने कहा, "मैं छात्रों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना करती हूं और उम्मीद करती हूं कि इसका कोई सही समाधान निकले। भारत से सामने आ रही अशांति की तस्वीरें देखकर मुझे बहुत दुख होता है। मैं इस देश और यहां के लोगों से बहुत प्यार करती हूं।" "मुश्किल दौर से गुजर रहे सभी लोगों" के लिए संदेश देते हुए नोरा ने शिक्षा के महत्व पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा, "शिक्षा सिर्फ परीक्षा या अंकों से कहीं ज्यादा है। यह उम्मीद है, त्याग है और बेहतर भविष्य का सपना है। यह सिर्फ किसी एक व्यक्ति के लिए नहीं, बल्कि पूरे देश के बेहतर भविष्य का सपना है। हर वह छात्र जो देर रात तक पढ़ाई करता है, हर वह माता-पिता जो अपने बच्चे के बेहतर भविष्य के लिए त्याग करते हैं और हर वह परिवार जो अपने बच्चों को शिक्षा दिलाने के लिए आर्थिक परेशानियां झेलता है, वह निष्पक्षता, सम्मान और भरोसे का हकदार है।"
नोरा ने लोगों से छात्रों के प्रति संवेदनशीलता दिखाने, उन्हें समान अवसर देने और उनके सपनों की रक्षा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश के युवा ही भारत के भविष्य को आगे बढ़ाने वाली सबसे बड़ी ताकत हैं। नोरा ने लोगों से छात्रों के लिए सहानुभूति, समर्थन और उम्मीद बनाए रखने की अपील की।
उन्होंने अपने बयान में कहा, "भारत एक ऐसा देश है जिसकी ताकत उसके युवा हैं। इस पीढ़ी के सपने, प्रतिभा, बुद्धिमत्ता और दृढ़ संकल्प देश का भविष्य तय करेंगे। इन सपनों की रक्षा करना कभी सवाल के घेरे में नहीं होना चाहिए। हर युवा को योग्यता, ईमानदारी और समान अवसर के आधार पर सफल होने का मौका मिलना चाहिए। यह राजनीति के बारे में नहीं, बल्कि इंसानियत के बारे में है। यह हमारे युवाओं पर विश्वास करने और यह सुनिश्चित करने के बारे में है कि वे अपनी मेहनत की अहमियत पर कभी भरोसा न खोएं। हमें बंटवारे की जगह एकता, चुप्पी की जगह समर्थन और निराशा की जगह उम्मीद को चुनना चाहिए।"
नोरा फतेही उन कई सेलिब्रिटीज की सूची में शामिल हो गई हैं, जिन्होंने प्रदर्शन कर रहे छात्रों का समर्थन किया है। इससे पहले सलमान खान, आलिया भट्ट, करीना कपूर खान, सोनाक्षी सिन्हा, सारा अली खान, वरुण धवन समेत कई सितारों ने सोशल मीडिया के जरिए छात्रों के समर्थन में आवाज उठाई थी। सेलेब्स की ये प्रतिक्रियाएं ऐसे समय आई हैं, जब सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने मेदांता अस्पताल में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह की मौजूदगी में 26 दिनों की भूख हड़ताल खत्म की।