गृह मंत्री अमित शाह आज से 2 दिनों के दौरे पर लद्दाख पहुंचेंगे. यहां लेह में भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों का पूजन और दर्शन करेंगे. लद्दाख में भगवान बुद्ध के अवशेषों की पहली बार अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी लगाई जा रही है. बुद्ध पूर्णिमा पर आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के अलावा गृहमंत्री अमित शाह लद्दाख के विकास कार्यों और सुरक्षा स्थिति की समीक्षा भी करेंगे. गृहमंत्री लद्दाख के मौजूदा सुरक्षा हालात का जायजा लेने के साथ लेह में उपराज्पाल व प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से क्षेत्र के विकास व लोगों की उम्मीदों को पूरा करने के लिए प्रशासन की तरफ से किए जा रहे प्रयासों के बारे में भी जानकारी लेंगे.
गृहमंत्री के दौरे के दौरान लद्दाख के दूसरे स्थानीय मांगों पर भी चर्चा और समाधान का रास्ता निकालने का प्रयास किया जाएगा. लद्दाख के स्थानीय संगठन लगातार तीन चीजों की मांग कर रहे हैं, जैसे- संवैधानिक सुरक्षा, प्रशासनिक स्वायत्तता और लोकतांत्रिक अधिकारों की बहाली. गृहमंत्री पिछले साल सितंबर में लेह में हिंसक प्रदर्शनों के बाद पहली बार लद्दाख दौरे पर जा रहे हैं. अपने यात्रा के दौरान गृहमंत्री लद्दाख क्षेत्र के कुछ सामाजिक और गणमान्य लोगों के साथ भी मिल सकते हैं और कुछ बड़ी और अहम घोषणाएं भी कर सकते हैं.
हाल ही में लद्दाख के प्रमुख पर्यावरणविद्ध और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को जोधपुर जेल से रिहा कर केंद्र सरकार ने लद्दाख के स्थानीय मुद्दों पर बातचीत के लिए साकारात्मक माहौल बनाने की दिशा में पहल की है. लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने वरिष्ठ अधिकारियों और आध्यात्मिक गुरुओं के साथ मिलकर, कुशोक बकुला रिम्पोछे हवाई अड्डे पर पवित्र अवशेषों का औपचारिक स्वागत किया.
लद्दाख पुलिस ने ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया, जबकि भिक्षुओं ने गहरी श्रद्धा के माहौल के बीच विशेष प्रार्थनाएं कीं. LG सक्सेना ने कहा कि अवशेषों को जनता के दर्शन के लिए खोले जाने से पहले सुरक्षित अभिरक्षा में रखा जा रहा है. उन्होंने कहा कि आज, बुद्ध के पवित्र अवशेष लद्दाख लाए गए, और यहां उनका भव्य स्वागत हुआ. उन्होंने कहा कि इन अवशेषों के दर्शन बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर शुरू होंगे.