त्रिपुरा के अगरतला में सबरूम-अगरतला नेशनल हाईवे पर एक बाइक और माल से भरे ट्रक के बीच टक्कर हो गई। इस हादसे में एक शख्स की मौत हो गई, और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, बाइक पर तीन लोग सवार थे और ट्रक बैखोरा से जोलाई बारी की ओर जा रहा था,
उसी दौरान दक्षिण त्रिपुरा जिले के शांतिर बाजार डिवीजन के अंतर्गत कालसीरमुख के पास ये हादसा हुआ। मृतक की पहचान कालसी क्षेत्र के निवासी सुकांत हजारी (30) के रूप में की गई है, जबकि दो घायलों की पहचान अमल देबनाथ (27) और कोर्न दास (32) के रूप में हुई है, ये भी कालसी के ही रहने वाले हैं। फिलहाल घायलों का इलाज चल रहा है।
चश्मदीदों ने बताया कि हादसे के बाद मालवाहक ट्रक नियंत्रण खो बैठा और हाईवे पर पलट गया। हादसे के तुरंत बाद ट्रक ड्राइवर मौके से भाग गया। सूचना मिलते ही बैखोरा थाने के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और अपनी जांच शुरू कर दी।