Breaking News

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया रिकॉर्ड निचले स्तर 96.07 पर पहुंचा     |   मध्य प्रदेश HC ने धार की विवादित भोजशाला को देवी सरस्वती का मंदिर घोषित किया     |   बिहार: श्रम विभाग के ACS बने सेंथिल, प्रेम सिंह मीणा को भागलपुर प्रमंडल का प्रभार     |   मध्य प्रदेश HC ने धार भोजशाला को मंदिर करार दिया, हिंदुओं के पक्ष में बड़ा फैसला     |   बिहार में कई आईएएस अधिकारियों का तबादला, कई विभागों के सचिव बदले गए     |  

पश्चिम एशिया संकट के बीच सरकार का साथ दें, पेट्रोल-डीजल महंगा होने पर बोले CM योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लोगों से अपील की कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण पैदा हुए ऊर्जा संकट के दौरान केंद्र सरकार का पूरा सहयोग करें। केंद्र सरकार ने आज पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। महाराजगंज में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कोरोना महामारी जैसी चुनौती का सामना देश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एकजुट होकर किया था। उन्होंने कहा कि अब पश्चिम एशिया संकट के कारण पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित हुई है, ऐसे समय में देशवासियों की जिम्मेदारी है कि वे सरकार के साथ खड़े रहें।

सीएम योगी ने कहा कि दुनिया के कई देशों में ईंधन की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी हुई है, लेकिन भारत ने लंबे समय तक कीमतों को नियंत्रित रखा। उन्होंने लोगों से अपील की कि राष्ट्रीय हित को सर्वोपरि रखते हुए ऊर्जा की बचत करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जरूरत के अनुसार ही बिजली उपयोग करने की सलाह दी है। यदि बच्चों के लिए स्कूल बस उपलब्ध है तो निजी वाहन के बजाय उसी का उपयोग करें। योगी ने कहा कि हमें “नेशन फर्स्ट” की भावना के साथ इस संकट का सामना करना होगा।

ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में पेट्रोल का दाम 94.77 रुपये से बढ़कर 97.77 रुपये प्रति लीटर हो गया है, जबकि डीजल की कीमत 87.67 रुपये से बढ़कर 90.67 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है।  यह बढ़ोतरी पश्चिम एशिया में जारी तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य में आपूर्ति बाधित होने की आशंका के बीच की गई है। ब्रेंट क्रूड की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर बनी हुई हैं, जिससे वैश्विक ऊर्जा बाजारों पर दबाव बढ़ा है। महाराजगंज दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 208 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 79 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।