महाराष्ट्र विधानसभा का तीन दिन का विशेष सत्र शानिवार से शुरू हो गया है। इस सत्र में सबसे पहले नवनिर्वाचित विधायक शपथ लेंगे और फिर महाराष्ट्र विधानसभा के नए अध्यक्ष का चुनाव होगा।
बीजेपी के सीनियर विधायक कालिदास कोलंबकर ने शुक्रवार को विधायक पद की शपथ ली और उसके बाद राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन ने उन्हें विधानसभा का अस्थायी अध्यक्ष नियुक्त किया। नौ बार के विधायक, कोलंबकर सदन में सबसे सीनियर विधायक हैं और मुंबई में वडाला विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं।
विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव नौ दिसंबर को होगा, जिसके बाद देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली सरकार का विश्वास मत होगा और राज्य विधानमंडल के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में राज्यपाल का अभिभाषण होगा। नई सरकार ने पांच दिसंबर को शपथ ली, जिसमें देवेंद्र फडणवीस मुख्यमंत्री के रूप में लौटे, जबकि एकनाथ शिंदे और अजित पवार ने उप-मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।