Breaking News

इजरायली हमलों में 89 लोग मारे गए और 700 घायल: लेबनान     |   कुवैत का दावा- पॉवर स्टेशन, तेल टैंकर्स को ईरानी ड्रोन्स ने बनाया निशाना     |   अधीर रंजन चौधरी के काफिले की कार का हुआ एक्सीडेंट, ट्रक ने मारी टक्कर     |   नोएडा: गहरे गड्डे में भरे पानी में डूबने से एक स्टूडेंट की मौत     |   सऊदी अरब की ईस्ट-वेस्ट तेल पाइपलाइन पर ड्रोन हमला     |  

राजस्थान में कड़ाके की सर्दी, कई इलाकों में बारिश

राजस्थान में मौसम में बदलाव दिख रहा है. शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ली. नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कई इलाकों में बादलों की गरज और बारिश ने ठंड बढ़ा दी. दिनभर बारिश के बाद रात तक कई क्षेत्रों में घना कोहरा छाया रहा. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आगामी दिनों में भी बारिश और ओलावृष्टि की संभावना व्यक्त की है. आज (रविवार) राजस्थान के कई हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा. मौसम विभाग के अनुसार, 15 जनवरी से एक नया वेदर सिस्टम सक्रिय होने की संभावना है, जिसके प्रभाव से उदयपुर, कोटा और जयपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है.  

पिछले 24 घंटे का मौसम अपडेट

बीते 24 घंटों में जयपुर, बीकानेर, अजमेर, जोधपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहे, जबकि कई स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई. जोधपुर, नागौर और फलौदी के आसपास कई जगहों पर ओले भी गिरे. इस बदलाव के चलते दिन के अधिकतम तापमान में गिरावट देखी गई, जो 11 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया.  

हनुमानगढ़ और गंगानगर में सबसे ठंडा दिन 

शनिवार को हनुमानगढ़ और गंगानगर सबसे ठंडे रहे. यहां दिन का अधिकतम तापमान क्रमशः 10.4 और 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पूरे दिन घने बादल और सतह पर घना कोहरा छाया रहा. सीकर में भी इसी प्रकार का मौसम रहा, जहां अधिकतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. गंगानगर, हनुमानगढ़ और सीकर में दिन और रात के तापमान में मात्र 2 डिग्री सेल्सियस का अंतर रहा.  

दिनभर बूंदाबांदी, रात में घना कोहरा

राजधानी जयपुर में शनिवार को दिनभर बादल छाए रहे और कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई. शाम होते-होते कोहरा छाने लगा, जो रात में और गहराया. इसके साथ ही सर्द हवाएं भी चलने लगीं. जयपुर में दिन का अधिकतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.  

अगले 10 दिन रहेगा सर्दी का सितम

राजस्थान में मौसम विभाग ने अगले 10 दिनों तक ठंड के तेज रहने का अनुमान जताया है. 14 जनवरी की शाम से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका असर उदयपुर, कोटा और जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों पर दिख सकता है. 15 जनवरी को बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना है. विशेषज्ञों का मानना है कि 21-22 जनवरी तक प्रदेश में दिन ठंडे रहेंगे और सर्दी का प्रभाव बना रहेगा.