Breaking News

बहरीन ने ईरान के हवाई हमलों को अपने एयर डिफेंस सिस्टम से नाकाम किया     |   जून में भारत का निर्यात 15.5 फीसदी बढ़ा, व्यापार घाटा बढ़कर 30.43 अरब डॉलर हुआ     |   SC का हरियाणा सरकार को नोटिस, पार्श्वनाथ एक्सोटिका प्रोजेक्ट स्कैम पर जवाब मांगा     |   दिल्ली सरकार ने महिला समृद्धि योजना का नाम बदलकर दिल्ली लक्ष्मी योजना किया     |   दिल्ली सरकार ने महिला समृद्धि योजना का नाम बदलकर दिल्ली लक्ष्मी योजना किया     |  

पंजाब: नगर निकाय चुनाव के लिए मतदान जारी

पंजाब में पांच नगर निगमों और 44 नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों के चुनाव के लिए शनिवार को मतदान जारी है। अधिकारियों ने बताया कि मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ जो शाम चार बजे तक जारी रहेगा।उन्होंने बताया कि मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसी दिन मतदान केंद्र पर मतगणना होगी। पंजाब में पांच नगर निगमों - अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, पटियाला और फगवाड़ा के अलावा 44 नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों के लिए चुनाव हो रहे हैं।

अधिकारियों ने बताया कि नगर निकाय चुनाव के लिए कुल 3,336 उम्मीदवार मैदान में हैं। इन चुनावों के लिए कुल 3,809 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। नगर निकाय चुनावों में 17.75 लाख महिलाओं सहित कुल 37.32 लाख मतदाता मतदान के पात्र हैं। उन्होंने बताया कि मतदान के लिए ‘इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन’ (ईवीएम) का इस्तेमाल किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि चुनाव के मद्देनजर कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था की गई है। नगर निकाय चुनाव को सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी के लिए अग्निपरीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है।

पार्टी नवंबर में हुए चार विधानसभा उप-चुनावों में से तीन में जीत हासिल करने के बाद नगर निगम चुनावों में भी अपनी जीत की लय जारी रखना चाहेगी। इन चुनावों के जरिए शहरी मतदाताओं के बीच सत्तारूढ़ पार्टी की लोकप्रियता का पता चलेगा।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चुनावों से पहले ‘एएपी’ उम्मीदवारों के लिए रोड शो किए और प्रचार किया। ‘एएपी’ की पंजाब इकाई के अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के बाद अमन अरोड़ा की भी ये पहली परीक्षा होगी। इन चुनावों में कांग्रेस का भी बहुत कुछ दांव पर लगा है। कांग्रेस को अमृतसर, जालंधर, लुधियाना और पटियाला नगर निगमों में बहुमत मिला था। भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल भी नगर निगम चुनाव में किस्मत आजमा रहे हैं।