विपक्षी गठबंधन ‘ इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस ’ (इंडिया) के कई घटक दलों के सांसदों ने अडाणी समूह से जुड़े मुद्दे को लेकर बुधवार को संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया और मामले की जांच के लिए संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) के गठन की मांग दोहराई।
कांग्रेस , राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) और कुछ अन्य दलों के सांसदों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारे लगाए और जवाबदेही तय किए जाने की मांग की। विपक्षी सांसद संसद भवन के ‘ मकर द्वार ’ के निकट जमा हुए और नारेबाजी की।
रिश्वतखोरी और धोखाधड़ी के आरोपों में अडाणी समूह के प्रमुख गौतम अडाणी और कंपनी के अन्य अधिकारियों पर अमेरिकी अभियोजकों के अभियोग लगाए जाने के बाद कांग्रेस और कुछ अन्य विपक्षी दल संयुक्त संसदीय समिति से आरोपों की जांच कराए जाने की मांग कर रहे हैं।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने हाल ही में इस मामले को लेकर उद्योगपति गौतम अडाणी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की थी। अडाणी समूह ने सभी आरोपों को आधारहीन बताया है