Breaking News

भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज     |   लखनऊ अग्निकांड मामले में SIT की जांच शुरू     |   राजस्थान के 19 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट     |   लखनऊ अग्निकांड: सभी आरोपियों को जेल भेजा गया     |   CUET UG के नतीजे घोषित     |  

इस साल नहीं होगा मामी मुंबई फिल्म महोत्सव, अगले साल होगा आयोजन

Maharashtra: मुंबई के सिनेप्रेमियों के कैलेंडर का एक महत्वपूर्ण आयोजन, मामी मुंबई फिल्म महोत्सव, 2025 में आयोजित नहीं होगा। अगले साल ये महोत्सव एक "नए नजरिये और नई टीम" के साथ वापस आएगा। महोत्सव के निदेशक शिवेंद्र सिंह डूंगरपुर ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। फिल्म संरक्षण पर अपने व्यापक काम के लिए जाने जाने वाले डूंगरपुर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में महोत्सव के प्रशंसकों से उनकी "समझ और समर्थन" की अपील की।

डूंगरपुर ने इंस्टाग्राम पर लिखा, "आपको सूचित किया जाता है कि मामी मुंबई फिल्म महोत्सव का 2025 संस्करण आयोजित नहीं होगा, क्योंकि हम एक गतिशील नजरिये और एक नई टीम के साथ महोत्सव को नया रूप देने की प्रक्रिया में हैं, ताकि ये पक्का किया जा सके कि ये महोत्सव भारत और दुनिया भर के सबसे अच्छे स्वतंत्र, क्षेत्रीय और क्लासिक सिनेमा के एक प्रमुख प्रदर्शन के रूप में वापस आए। हम महोत्सव की रूपरेखा फिर से तय करने के लिए लगन से काम कर रहे हैं और 2026 संस्करण की नई तारीखों का ऐलान जल्द से जल्द करेंगे। आपकी समझ और समर्थन के लिए धन्यवाद।"

फिल्म निर्माता तनुजा चंद्रा ने कहा कि ये दुखद है कि इस साल महोत्सव नहीं होगा। उन्होंने आगे कहा, "ये साल का एक ऐसा हिस्सा है जिसे हममें से बहुतों ने प्यार किया है। इसके मजबूती से वापसी के लिए शुभकामनाएं।" मामी मुंबई फिल्म महोत्सव का आयोजन मुंबई एकेडमी ऑफ मूविंग इमेज (मामी) द्वारा किया जाता है। ये महोत्सव 1997 से ही समकालीन विश्व सिनेमा और प्रतिभाओं को शहर में लाने के लिए जाना जाता है।