बड़ी तादाद में श्रद्धालुओं ने बुधवार को घंटों लंबी कतारों का सामना करते हुए सबरीमाला स्थित मशहूर भगवान अयप्पा मंदिर में मकरविलक्कु दिवस पर पूजा-अर्चना की। ये पर्व दो महीने से ज्यादा वक्त तक चलने वाले सालाना तीर्थयात्रा सीजन के समापन का प्रतीक है। पारंपरिक काले परिधान पहने और मोतियों की माला पहने, सभी आयु वर्ग के तीर्थयात्री, इस शुभ दिन पर मुख्य देवता भगवान अयप्पा के दर्शन करने के लिए सुबह से ही ऊंचाई पर बने मंदिर में दर्शन के लिए इंतजार करते रहे।
भारी उमस और लंबी कतारों के बावजूद अयप्पा भक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ। वे अपने सिर पर 'इरुमुदी केट्टू' (एक पारंपरिक गठरी जिसे श्रद्धालु मंदिर में लाते हैं) रखकर "स्वामीये शरणम् अयप्पा" मंत्र का जाप कर करते दिखे। शाम को भगवान अयप्पा के पवित्र आभूषणों- 'तिरुवभरणम' को औपचारिक शोभायात्रा के जरिए लगभग 85 किलोमीटर दूर पंडालम महल से पहाड़ी मंदिर में लाया गया। ये जुलूस दो दिन पहले शुरू हुआ था।
पवित्र आभूषणों के मंदिर में पहुंचते ही भगवान अयप्पा की मूर्ति को उनसे सजाया गया। इसके बाद 'दीपार्जन' (आरती) की गई और मंदिर के द्वार खोल दिए गए। शाम छह बजकर 43 मिनट पर मूर्ति को पवित्र आभूषणों से सजाने के बाद "महा दीपआराधना" की गई और शाम छह बजकर 44 मिनट पर "मकर ज्योति" देखी गई।
मंदिर के कपाट खुलते ही मंदिर परिसर में भजन और मंत्रोच्चार तेज हो गया। श्रद्धालुओं को पवित्र आभूषणों से सुसज्जित भगवान अयप्पा की एक झलक पाने के लिए बेताब देखा गया। 'शरणम अयप्पा' की गूंज तब और तेज हो गई जब भक्तों द्वारा दिव्य प्रकाश मानी जाने वाली 'मकर ज्योति', 'आरती' के कुछ मिनट बाद, मंदिर परिसर से आठ किलोमीटर दूर एक सुदूर पहाड़ी की चोटी पोन्नम्बलमेडु के ऊपर पूर्वी क्षितिज पर टिमटिमाने लगी।
मकर ज्योति देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु आसपास की अलग-अलग जगहों पर इकट्ठा हुए। केरल सरकार द्वारा त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड (टीडीबी) और वन विभाग के सहयोग से पोन्नम्बलमेडु में ज्योति प्रज्ज्वलित करना, पहाड़ी के पास रहने वाले आदिवासी परिवारों द्वारा अपनाई जाने वाली प्रथा है। राज्य सरकार और मंदिर का प्रबंधन करने वाले त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड ने भीड़ प्रबंधन के लिए बड़े पैमाने पर इंतजाम किए और पहाड़ी मंदिर और उसके परिसर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की।