केरल के त्रिशूर में चलाकुडी के पास गुरुवार सुबह पलापिल्ली गांव में वयस्क नर हाथी पुराने सेप्टिक टैंक में गिर गया। चोटें लगने की वजह से उसकी मौत हो गई। वरिष्ठ वन अधिकारी ने बताया कि घटना सुबह करीब साढे आठ बजे हुई और दोपहर हाथी की मौत हो गई।
अधिकारी ने कहा कि ऐसा माना जा रहा है कि सेप्टिक टैंक के अंदर गिरने से उसकी गर्दन पर चोट लगी जिससे उसकी मौत हो गई। अधिकारी ने कहा, ''पोस्टमार्टम के बाद ही मौत की सही वजह पता चल पाएगी।''
उन्होंने बताया कि फिलहाल वन अधिकारी सेप्टिक टैंक से शव को बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं। अधिकारी ने बताया कि फंसा हुआ हाथी झुंड का हिस्सा था जिसे वापस जंगल में भेज दिया गया था।