Breaking News

भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज     |   लखनऊ अग्निकांड मामले में SIT की जांच शुरू     |   राजस्थान के 19 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट     |   लखनऊ अग्निकांड: सभी आरोपियों को जेल भेजा गया     |   CUET UG के नतीजे घोषित     |  

केरल: नीलांबुर विधानसभा सीट पर उप-चुनाव, मतदान जारी

केरल में नीलांबुर विधानसभा सीट पर हो रहे उप-चुनाव के लिए मतदान सुबह सात बजे से जारी है। केंद्रीय सुरक्षा बलों और पुलिस की तैनाती सहित कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हुआ। वेबकास्टिंग के जरिए उप-चुनाव प्रक्रिया पर सीधे नजर रखी जा रही है। उप-चुनाव के लिए 263 मतदान केंद्र बनाए गए हैं जहां सुबह से ही मतदाता पहुंचने लगे। इस निर्वाचन क्षेत्र के 2.32 लाख से ज्यादा लोग मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए पात्र हैं। वे 10 उम्मीदवारों में से अपने प्रतिनिधि का चुनाव करेंगे।

इन 10 उम्मीदवारों में से प्रमुख दावेदार सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) उम्मीदवार एम. स्वराज, कांग्रेस की अगुवाई वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के आर्यदान शौकत, तृणमूल कांग्रेस की राज्य इकाई के संयोजक और निर्दलीय उम्मीदवार पी. वी. अनवर और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की अगुवाई वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के मोहन जॉर्ज हैं।

मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और उनके करीबी सहयोगियों के खिलाफ आरोप लगाने के बाद अनवर ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी नीत एलडीएफ से नाता तोड़ते हुए इस निर्वाचन क्षेत्र के विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद उप-चुनाव की जरूरत पड़ी। गुरुवार सुबह मतदान से पहले मॉक पोलिंग कर जांचा गया कि ‘इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन’ (ईवीएम) सही से काम कर रही हैं या नहीं। अंतिम मतदाता सूची में 1,13,613 पुरुष, 1,18,760 महिलाएं और आठ ‘ट्रांसजेंडर’ व्यक्ति शामिल हैं। कुल मतदाताओं में से 7,787 मतदाता पहली बार मतदान प्रक्रिया में हिस्सा ले रहे हैं।