कर्नाटक के गृह मंत्री एच.एम. परमेश्वर ने मंगलवार को कहा कि राज्य में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति से संबंधित मुद्दों पर चर्चा के लिए एससी/एसटी विधायकों के साथ एक बैठक की जाएगी।
उन्होंने कहा, "हम एससी/एसटी (विधायकों) के एक सम्मेलन की मेजबानी करने की योजना बना रहे हैं। उनके पास बहुत सारी समस्याएं हैं। चुनाव से पहले हमारे पास यह कार्यक्रम था। हमने चित्रदुर्ग में कुछ संकल्प किए थे। अब हम इसका जायजा लेना चाहते हैं। जब हम सत्ता में हैं तो क्या स्थिति है, हमने क्या किया है और क्या नहीं किया है, हमसे क्या उम्मीदें हैं, इन सब पर हम चर्चा करेंगे।"
उनकी ये बयान तब आया है जब लोक निर्माण मंत्री सतीश जारकीहोली ने अपने आवास पर सिद्दारमैया और उनके कैबिनेट सहयोगियों के लिए रात्रिभोज का आयोजन किया जिसके बाद चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। चूंकि ये कार्यक्रम विदेश में मौजूद शिवकुमार की गैरहाजिरी में हुआ इसलिए अफवाहें फैलने लगीं कि कर्नाटक में अगले कांग्रेस अध्यक्ष पर चर्चा के लिए रात्रिभोज का आयोजन किया जा रहा है।