जम्मू कश्मीर के कठुआ में मंगलवार को बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ लोगों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और उन्होेंने बांग्लादेश में हिंदुओं और बाकी अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचारों की निंदा की।
विरोध प्रदर्शन में नेता, संत, महिलाएं, युवा और बुजुर्ग समेत सभी वर्गों के लोग शामिल हुए। ये कार्यक्रम कठुआ के श्री रघुनाथ मंदिर में शुरू हुआ, जहां संतों ने सभा को संबोधित किया। संतों ने हिंदुओं पर हमलों की कड़ी निंदा की और अपने धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए समुदाय के बीच एकता का आह्वान किया।
संतों ने इन मुद्दों के समाधान के लिए जागरूकता और एकता को बढ़ाने पर जोर दिया। प्रदर्शनकारियों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन करते हुए शहीदी चौक की ओर मार्च किया। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र से स्थिति पर तुरंत संज्ञान लेने की अपील भी की। प्रदर्शन कर रहे लोगों के प्रतिनिधिमंडल ने कठुआ के डिप्टी कमिश्नर को ज्ञापन सौंपकर बांग्लादेश सरकार से हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।