Breaking News

PM आवास मार्च की नहीं मिली अनुमति, दिल्ली पुलिस ने किया साफ     |   थोड़ी देर में E20 पेट्रोल को लेकर अरविंद केजरीवाल करेंगे पीएम आवास तक मार्च     |   टेलीग्राम की ऐप स्टोर पर वापसी, जल्द सभी यूजर्स को मिलेगा एक्सेस     |   केरल में भारी बारिश का रेड अलर्ट नहीं, 10 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी     |   उत्तर प्रदेश: योगी सरकार आज पेश करेगी 25 हजार करोड़ रुपये के करीब का अनुपूरक बजट     |  

दिल्ली-NCR में झमाझम बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट

दिल्ली-NCR में मंगलवार तड़के हुई झमाझम बारिश से मौसम सुहाना हो गया। राष्ट्रीय राजधानी समेत कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम में येलो वॉच जारी है। दिनभर हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। राजधानी के वसंत विहार और रिंग रोड समेत कई इलाकों से बारिश के दृश्य सामने आए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, इस समय दिल्ली के करीब 60 से 70 प्रतिशत भौगोलिक क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ रही हैं। राजधानी में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

बारिश के कारण दिन के तापमान में कुछ गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन हवा में नमी का स्तर 75 से 95 प्रतिशत के बीच बना हुआ है। ऐसे में बारिश रुकने के बाद लोगों को उमस का सामना करना पड़ सकता है। लगातार हो रही मानसूनी बारिश का असर दिल्ली की वायु गुणवत्ता पर भी देखने को मिल रहा है। राजधानी में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 78 दर्ज किया गया, जो संतोषजनक श्रेणी में है।

मौसम विभाग के दिल्ली क्षेत्रीय केंद्र ने अचानक तेज बारिश को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। लोगों से अपील की गई है कि मौसम और ट्रैफिक की स्थिति को ध्यान में रखकर ही घर से निकलें। निचले इलाकों और बड़े अंडरपास के आसपास जलभराव की स्थिति बन सकती है, जिससे यातायात की रफ्तार प्रभावित होने की आशंका है।

वहीं, उत्तर प्रदेश के मथुरा में भी भारी बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की स्थिति देखने को मिली। सड़कों पर पानी जमा होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई जगहों पर जलभराव के कारण वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई, जिससे लोगों को आवागमन में दिक्कतें उठानी पड़ीं।