पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में मृतक की मां राखी अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भावुक पत्र लिखकर बेटे के लिए न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने प्रधानमंत्री से मामले में व्यक्तिगत हस्तक्षेप कर जल्द न्याय सुनिश्चित करने की अपील की है। राखी अग्रवाल ने पत्र में लिखा कि बेटे की हत्या के बाद उनकी "पूरी दुनिया उजड़ गई" है। उन्होंने कहा कि घर का हर कोना उन्हें केतन की याद दिलाता है।
पत्र में उन्होंने लिखा, "मेरे बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी गई। उसके साथ मेरी पूरी दुनिया चली गई। उसका कमरा, उसके कपड़े, उसकी तस्वीरें और घर में पसरा सन्नाटा हर दिन मुझे याद दिलाता है कि वह अब कभी वापस नहीं आएगा।" राखी अग्रवाल ने बताया कि बेटे की हत्या का सदमा उनके ससुर सहन नहीं कर सके और केतन की मौत के महज 20 दिन बाद उनका भी निधन हो गया।
उन्होंने लिखा, "मेरे ससुर अपने पोते से बेहद प्यार करते थे। केतन की मौत का दुख वह सहन नहीं कर पाए। सिर्फ 20 दिनों में हमारे परिवार ने दो पीढ़ियों को खो दिया।" प्रधानमंत्री से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि मामले को अनावश्यक देरी का शिकार न बनने दिया जाए और न्यायिक प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।
उन्होंने लिखा, "हाथ जोड़कर आपसे विनती है कि मेरे बेटे के मामले को वह महत्व मिले, जिसका वह हकदार है। कृपया केतन को सिर्फ एक केस फाइल बनकर मत रहने दीजिए। वह किसी का बेटा, पोता और भाई था, लेकिन मेरे लिए वह मेरी पूरी दुनिया था।" पत्र के अंत में उन्होंने लिखा, "हर रात मैं उसकी तस्वीर देखकर कहती हूं— 'बेटा, मां अभी भी तेरे लिए लड़ रही है।' मेरी बस यही प्रार्थना है कि एक दिन मैं उससे कह सकूं— 'बेटा, तुझे इंसाफ मिल गया।'"
इससे पहले 10 जुलाई को केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर मामले की फास्ट-ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कराने और जल्द न्याय दिलाने की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि उनका परिवार बेटे की हत्या और 20 दिन बाद पिता की मौत से पूरी तरह टूट चुका है। पुलिस के अनुसार, 18 जून को पुणे के लोहागढ़ किले के पास केतन अग्रवाल की कथित तौर पर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में उसकी मंगेतर सिया और उसके दोस्त व कथित प्रेमी चेतन बाबूलाल चौधरी पर हत्या का आरोप है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।