देवेंद्र फडणवीस को बीजेपी विधायक दल का नेता चुन लिया गया है। बुधवार को हुई बीजेपी विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से देवेंद्र फडणवीस को विधायक दल का नेता चुन लिया गया। बीजेपी विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद देवेंद्र फडणवीस का महाराष्ट्र का अगला मुख्यमंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है।
शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में मुंबई में होगा। बीजेपी विधायक दल की बैठक से पहले बुधवार को यहां हुई बीजेपी की कोर कमेटी की बैठक में उनके नाम को अंतिम रूप दिया गया था। बीजेपी नेता सुधीर मुनगंटीवार ने कहा कि महायुति के सहयोगी राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए बुधवार दोपहर साढ़े तीन बजे राज्यपाल सी. पी. राधाकृष्णन से मिलेंगे।
बीजेपी की कोर कमेटी की बैठक में केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारामन, गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और देवेंद्र फडणवीस मौजूद थे। बीजेपी ने अपने महाराष्ट्र विधायक दल की बैठक के लिए सीतारमण और रूपाणी को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। बीजेपी ने 20 नवंबर को हुए महाराष्ट्र चुनाव में 288 विधानसभा सीटों में से 132 सीटें हासिल कीं।
अपने सहयोगियों- एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और अजित पवार की एनसीपी के साथ, बीजेपी के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन के पास 230 सीटों का भारी बहुमत है। देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को महाराष्ट्र के कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से उनके आधिकारिक आवास 'वर्षा' पर मुलाकात की थी।
हालांकि, बताया जा रहा है कि महायुति के तीनों सहयोगियों के बीच विभागों के बंटवारे को लेकर आखिरी फैसला अभी तक नहीं हुआ है। कुछ शिवसेना नेताओं ने सोमवार को कहा कि गठबंधन राजनीति की "परंपरा" के अनुसार, अगर सीएम पद बीजेपी के पास जाता है तो उनकी पार्टी को गृह विभाग मिलना चाहिए।
शिवसेना के एक नेता ने ये भी कहा कि नई सरकार में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों का सामना कर रहे मंत्रियों को हटाने के लिए बीजेपी के शीर्ष नेताओं और बाकी महायुति सहयोगियों के बीच सहमति बन गई है। दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान में गुरुवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ-साथ करीब दो हजार वीवीआईपी और 40 हजार समर्थकों के शामिल होने की उम्मीद है।
इस समारोह में कई केंद्रीय मंत्रियों और अलग-अलग राज्यों के 19 मुख्यमंत्रियों और उप-मुख्यमंत्रियों के भी शामिल होने की उम्मीद है। बीजेपी नेता प्रसाद लाड ने कहा है कि ये समारोह महाराष्ट्र के लिए ऐतिहासिक पल होगा। उन्होंने कहा, "पूरे राज्य में जहां भी एलईडी स्क्रीन उपलब्ध होंगी, कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा।"