Breaking News

अहमदाबाद में भगवान जगन्नाथ की 149वीं रथयात्रा की भव्य शुरुआत; CM भूपेंद्र पटेल ने की 'पहिंद विधि'     |   इंग्लैंड को हराकर लगातार दूसरी बार फीफा विश्व कप फाइनल में पहुंचा अर्जेंटीना     |   अमेरिका ने ईरान पर फिर किया हमला, होर्मुज़ में खतरों से जुड़े सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया     |   यूपी में टेरर फंडिंग नेटवर्क पर ED का एक्शन, लखनऊ समेत 13 जगह रेड     |   प्रशांत किशोर को तो हम जानते ही नहींः जीतन राम मांझी     |  

चक्रवात ‘फेंगल’ पुडुचेरी के पास स्थिर, अगले तीन घंटे में कमजोर पड़ने की संभावना

पुडुचेरी के पास शनिवार को पहुंचा चक्रवात ‘फेंगल’ केंद्र शासित प्रदेश के पास स्थिर बना हुआ है और अगले तीन घंटे में इसके धीरे-धीरे कमजोर होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार को ये जानकारी दी। इस बीच अधिकारियों ने बताया कि चेन्नई हवाई अड्डे पर निलंबित हवाई सेवाएं शनिवार आधी रात के बाद फिर से शुरू हो गईं, लेकिन कई उड़ानें रद्द कर दी गईं या उनमें देर हुई।

आईएमडी-क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अतिरिक्त महानिदेशक एस. बालचंद्रन ने रविवार सुबह साढ़े सात बजे ताजा जानकारी देते हुए बताया कि पुडुचेरी में 46 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि चक्रवात ‘फेंगल’ ने शनिवार शाम साढ़े पांच बजे पुडुचेरी के पास पहुंचना शुरू किया था और रात साढ़े 10 बजे से साढ़े 11 बजे के बीच ये तट पर पहुंचा।

उन्होंने कहा, "इसके धीरे-धीरे पश्चिम की ओर बढ़ने और धीरे-धीरे कमजोर होकर उत्तर तटीय तमिलनाडु और पुडुचेरी पर एक गहरे दबाव वाले इलाके में बदलने की संभावना है।" तमिलनाडु के विल्लुपुरम जिले के मैलम में शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे से रविवार सुबह साढ़े पांच बजे तक 50 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि पुडुचेरी में 46 सेंटीमीटर बारिश हुई। पुडुचेरी में अब तक की ये सबसे ज्यादा बारिश है। बालचंद्रन ने बताया कि 31 अक्टूबर 2004 को केंद्र शासित प्रदेश में 21 सेंटीमीटर बारिश हुई थी।