Breaking News

इजरायली हमलों में 89 लोग मारे गए और 700 घायल: लेबनान     |   कुवैत का दावा- पॉवर स्टेशन, तेल टैंकर्स को ईरानी ड्रोन्स ने बनाया निशाना     |   अधीर रंजन चौधरी के काफिले की कार का हुआ एक्सीडेंट, ट्रक ने मारी टक्कर     |   नोएडा: गहरे गड्डे में भरे पानी में डूबने से एक स्टूडेंट की मौत     |   सऊदी अरब की ईस्ट-वेस्ट तेल पाइपलाइन पर ड्रोन हमला     |  

बेंगलुरु पुलिस ने एक करोड़ रुपये की फिरौती की साजिश नाकाम की, चार लोग गिरफ्तार

Karnataka: बेंगलुरु पुलिस ने मंगलवार को एक कार्रवाई के दौरान शहर के एक व्यवसायी के बेटे के अपहरण की धमकी देकर उससे कथित तौर पर एक करोड़ रुपये वसूलने की साजिश को नाकाम कर दिया। पुलिस के मुताबिक, इसे पीछे शहर का एक स्थानीय व्यवसायी ही है, जिसका पीड़ित के साथ कथित तौर पर वित्तीय विवाद था। उसने इस  योजना को अंजाम देने के लिए दिल्ली के तीन लोगों को काम पर रखा था। आरोपियों का इरादा उत्तर भारत के एक कुख्यात गैंगस्टर के नाम पर फिरौती की धमकी भरा कॉल करने का था।

इस मामले में मास्टरमाइंड और उत्तर प्रदेश के मेरठ निवासी उसके तीन साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़ित ने नौ जुलाई को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसे एक अज्ञात व्यक्ति से धमकी भरा कॉल आया था जिसमें चेतावनी दी गई थी कि अगर उसने एक करोड़ रुपये नहीं दिए तो उसके बेटे का अपहरण कर लिया जाएगा।

शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया और जांच के लिए केंद्रीय प्रभाग और केंद्रीय अपराध शाखा (सीसीबी) के अधिकारियों की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। पुलिस ने बताया कि जांच में बेंगलुरु के जे.सी. रोड पर कार साउंड एक्सेसरीज का व्यवसाय चलाने वाले एक व्यक्ति की संलिप्तता का पता चला, जिसके बाद उसे 12 जुलाई को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।

पूछताछ के दौरान, उसने इस मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और आरोप लगाया कि शिकायतकर्ता ने एक व्यापारिक सौदे में उसके साथ धोखाधड़ी की थी और उससे पैसे वसूलने के इरादे से उसने एक साजिश रची और योजना को अंजाम देने के लिए उत्तर प्रदेश के तीन लोगों को काम पर रखा।

आरोपी ने इन लोगों को निर्देश दिए और उन्हें उत्तर भारत के "कुख्यात" गैंगस्टरों का सदस्य बनकर शिकायतकर्ता को धमकाने के लिए कहा। पुलिस ने बताया कि उन्हें अपराध को अंजाम देने के लिए मोबाइल फोन और दूसरी सुविधाएं भी दी गईं। दिल्ली पुलिस की मदद से बेंगलुरु पुलिस ने तीनों आरोपियों को राष्ट्रीय राजधानी से गिरफ्तार कर लिया।

बेंगलुरु के पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह ने कहा कि टीम ने 48 घंटों के भीतर आरोपी और तीन और लोगों को गिरफ्तार करके मामले का खुलासा किया, जिन्हें उसने बेंगलुरु में अपहरण की वारदात को अंजाम देने के लिए काम पर रखा था।

उन्होंने मीडिया से कहा, "आरोपी के शिकायतकर्ता के साथ कुछ व्यावसायिक मतभेद थे। वास्तविक व्यावसायिक मामले की जांच की जा रही है। हालांकि, उसने दूसरे राज्यों के कुछ लोगों से संपर्क करके बेंगलुरु में आकर अपराध को अंजाम दिया। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर हमें सुराग मिले और हमने तीनों आरोपियों का पता लगा लिया, जिन्हें दिल्ली से ट्रांजिट वारंट पर यहां लाया गया है। हमने उन्हें 10 दिनों की पुलिस हिरासत में ले लिया है।"