Breaking News

चुनाव आयोग ने 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में तीसरे चरण के तहत SIR का आदेश जारी किया     |   दिल्ली: CM रेखा गुप्ता ने बुलाई हाई लेवल बैठक, दोपहर 3 बजे करेंगी प्रेस कॉन्फ्रेंस     |   UP: अपर्णा यादव के पिता अरविंद सिंह विष्ट दामाद प्रतीक यादव को मुखाग्नि देंगे     |   ओमान के तट के पास भारतीय झंडे वाले जहाज पर हुआ हमला अस्वीकार्य: MEA प्रवक्ता     |   जम्मू-कश्मीर: कुलगाम में ड्रग्स नेटवर्क का भंडाफोड़, महिला सरगना-उसके साथी अरेस्ट     |  

अमित शाह आज सीबीआई के 'भारतपोल' पोर्टल की शुरुआत करेंगे

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज सीबीआई के ‘भारतपोल’ पोर्टल की शुरुआत करेंगे। इससे राज्यों के पुलिस बल और केंद्रीय कानून लागू करने वाली एजेंसियों को इंटरपोल के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय पुलिस की मदद के लिए वास्तविक समय में सूचना साझा करने की सुविधा मिलेगी।

अधिकारियों ने बताया कि नया अत्याधुनिक ऑनलाइन मंच ‘भारतपोल’ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पुलिस बलों और केंद्रीय एजेंसियों को विदेश में छिपे भगोड़े व्यक्तियों या अन्य मामलों के बारे में इंटरपोल से सूचना मांगने के लिए अपने अनुरोध भेजने की सुविधा देगा।

गृह मंत्रालय के एक बयान में कहा गया है कि साइबर अपराध, वित्तीय अपराध, ऑनलाइन माध्यम से कट्टरपंथ को बढ़ावा, संगठित अपराध, मादक पदार्थों की तस्करी, मानव तस्करी आदि सहित अंतरराष्ट्रीय अपराधों की बढ़ती संख्या के कारण आपराधिक जांच में तुरंत और वास्तविक समय पर अंतरराष्ट्रीय सहायता विकसित करने की आवश्यकता महसूस की गई।

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) भारत का राष्ट्रीय केंद्रीय ब्यूरो है, जो इंटरपोल से संबंधित मामलों के लिए जिम्मेदार है। इंटरपोल के माध्यम से, सीबीआई भारत में अपराध या अपराधियों की जांच में मदद के लिए इंटरपोल के बाकी सदस्य देशों की समान एजेंसियों से आवश्यक जानकारी मांग सकती है और उनके साथ आपराधिक डेटा और खुफिया जानकारी साझा कर सकती है।