Breaking News

पवन सिंह, निशांत कुमार समेत अन्य नव निर्वाचित MLC कल लेंगे शपथ     |   केन्या में विरोध-प्रदर्शन के दौरान पुलिस की गोलीबारी, एक व्यक्ति की मौत     |   झारखंड में बिजली गिरने से दो महिलाओं समेत सात लोगों की मौत     |   मुंबई: स्कूल बस पर गिरा पेड़, 10 छात्र सुरक्षित निकाले गए, एक बच्चे की मौत     |   दिल्ली के परिक्रमा रेस्टोरेंट में लगी आग     |  

विश्व शतरंज चैंपियनशिप: लिरेन के खिलाफ वापसी करने के लिए उतरेंगे गुकेश

भारतीय ग्रैंडमास्टर डी. गुकेश अहम बढ़त गंवाने के बाद बुधवार को यहां विश्व शतरंज चैंपियनशिप की 13वीं बाजी में जब गत चैंपियन डिंग लिरेन से भिड़ेंगे तो उन्हें वापसी करने के अपने दृढ़ संकल्प पर भरोसा करना होगा। सबसे कम उम्र के चैलेंजर 18 वर्षीय गुकेश और चीन के 32 वर्षीय लिरेन के बीच दिलचस्प मुकाबला चल रहा है जिसमें कोई भी खिलाड़ी लंबे समय तक अपनी बढ़त कायम नहीं रख पाया है।

एक दिन के विश्राम के बाद दोनों खिलाड़ी बुधवार को फिर से एक दूसरे का सामना करेंगे। इस 14 दौर के मुकाबले में 12 दौर के बाद स्कोर 6-6 से बराबर है और जो भी खिलाड़ी सबसे पहले 7.5 तक पहुंचेगा वो विश्व चैंपियन बन जाएगा। अगर 14 दौर के बाद भी स्कोर बराबर रहता है तो फिर टाइब्रेक का सहारा लिया जाएगा।

गुकेश के पास 11वीं बाजी जीतने के बाद 7.5 के जादुई अंक तक पहुंचने का मौका था लेकिन वो अगली बाजी हार गए।
भारतीय खिलाड़ी को अगली बाजी सफेद मोहरों से खेलनी है और पूरा विश्वास है कि क्लासिकल प्रारूप में खेले जा रहे इस मुकाबले की इस अहम बाजी में वो आक्रामक रवैया अपनाएंगे।

अब जबकि मुकाबला रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है तब जो भी खिलाड़ी धैर्य से काम लेगा वो फायदे में रहेगा। इस मुकाबले में 10 बाजी के बाद स्कोर 5-5 से बराबर था लेकिन उसके बाद के अगले दो मैच का परिणाम निकला। लगातार ड्रॉ खेलने के कारण ये मुकाबला नीरस बन गया था लेकिन पिछले दो मैच ने इस 25 लाख डालर इनामी प्रतियोगिता में नई जान फूंक दी है। अब जबकि दो दौर का खेल होना बाकी है तब दोनों खिलाड़ियों के पास मौका है।

लिरेन ने 11वीं बाजी में बेहद खराब प्रदर्शन किया लेकिन अगले दौर में वो शानदार वापसी करने में सफल रहे। वो इयान नेपोमनियाचची के खिलाफ पिछले विश्व चैंपियनशिप मुकाबले में भी इसी तरह की हालात में थे। वो तब टाईब्रेकर में जीत दर्ज करके विश्व चैंपियन बने थे। विश्व के नंबर एक खिलाड़ी और पूर्व विश्व चैंपियन मैगनस कार्लसन और अमेरिका के हिकारू नाकामुरा सहित शतरंज के विशेषज्ञों का मानना है कि अब चीन के खिलाड़ी का पलड़ा थोड़ा भारी हो गया है और वो अगली बाजी में ज्यादा आत्मविश्वास के साथ उतरेंगे।