Breaking News

विपक्ष के भारी हंगामे के चलते संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही सोमवार तक स्थगित     |   नेपाल में सांप्रदायिक तनाव के बीच भारत-नेपाल रेल सेवा अगले आदेश तक बंद     |   भरत तिवारी पर गोली चलाने वाला STF जवान अरेस्ट, एनकाउंटर मामले में बड़ा एक्शन     |   CWG 2026: लवप्रीत सिंह ने जीता सिल्वर, 1 किलो से गोल्ड चूके     |   CWG 2026: सीमा ने 58.65 मीटर थ्रो के साथ भारत को दिलाया ब्रॉन्ज मेडल     |  

योगी सरकार का बड़ा कदम, 3 से 10 अगस्त तक चलेगा 'दिव्यांगजन रोजगार अभियान 3.0

दिव्यांगजन को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए उत्तर प्रदेश में तीन से 10 अगस्त तक 'दिव्यांगजन रोजगार अभियान 3.0' चलाया जाएगा। अभियान के दौरान सभी राजकीय आईटीआई में विशेष रोजगार शिविर लगेंगे, जिनमें रोजगार के साथ स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

जिला उद्योग एवं निर्यात प्रोत्साहन केंद्र, औद्योगिक इकाइयों और व्यावसायिक संस्थानों से समन्वय कर रिक्तियों की जानकारी जुटाएगा। एमएसएमई विभाग, स्वरोजगार योजनाओं और लीड बैंक के माध्यम से ऋण व वित्तीय सहायता में सहयोग करेगा। जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी और जिला रोजगार सहायता अधिकारी, रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकृत अभ्यर्थियों को रिक्तियों से जोड़ेंगे। 

व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन की इस पहल का उद्देश्य कौशल प्रशिक्षण प्राप्त दिव्यांगजन सहित अन्य योग्य इच्छुक दिव्यांग युवाओं को उनकी योग्यता-कौशल के अनुसार रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।

इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। प्रत्येक जिले में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति बनाई गई है, जो अभियान की निगरानी और समन्वय करेगी। 10 अगस्त तक सभी जिलों से लाभान्वितों का विवरण शासन को भेजा जाएगा और सर्वाधिक रोजगार-स्वरोजगार उपलब्ध कराने वाले पांच जिलों के डीएम व उनकी टीम को सम्मानित किया जाएगा।

अभियान में पिछले दो चरणों में लाभान्वित दिव्यांगजन का भौतिक सत्यापन भी किया जाएगा, ताकि उनकी वर्तमान स्थिति का आकलन हो सके। वहीं गुरुवार को मिशन निदेशक पुलकित खरे ने सभी सीडीओ और संबंधित अधिकारियों के साथ ऑनलाइन बैठक कर अभियान की तैयारी पूरी कराने के निर्देश दिए।