Share Market: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव फिर बढ़ने के कारण बुधवार को स्थानीय शेयर बाजार शुरुआती बढ़त को गंवा कर करीब स्थिर रुख के साथ बंद हुए। वैश्विक बाजारों के कमजोर रुख और विदेशी कोषों के प्रवाह से भी निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स मामूली बढ़त के साथ 64 अंक चढ़कर 73,983 पर वहीं, 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 27 अंक गिरकर करीब 23,215 पर बंद हुआ।
सेंसेक्स में शामिल शेयरों में एक्सिस बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, कोटक महिंद्रा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और आईटीसी सबसे ज्यादा बढ़त में रहे जबकि एटरनल लिमिटेड, टाटा स्टील, बजाज फिनसर्व, टाइटन और महिंद्रा एंड महिंद्रा सबसे ज्यादा गिरे।
सेक्टर के हिसाब से देखें तो एफएमसीजी और प्राइवेट सेक्टर बैंकिंग शेयरों को छोड़कर बाकी सभी इंडेक्स में सुस्ती रही। इसमें पब्लिक सेक्टर बैंक, टेलीकॉम, मेटल, ऑयल एंड गैस, एनर्जी, रियल्टी, कैपिटल गुड्स और पावर सेक्टर के शेयर शामिल थे।
बुधवार को करीब सभी बड़े एशियाई बाजार गिरावट के साथ बंद हुए। इसमें दक्षिण कोरिया के कोस्पी में भारी गिरावट रही जो 4.5 प्रतिशत से ज्यादा नुकसान के साथ बंद हुआ। जापान का निक्केई, चीन का शंघाई कंपोजिट और हॉन्गकॉन्ग का हैंग सेंग भी गिरावट के साथ बंद हुए।
बुधवार को यूरोप के बाजार भी गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे, जबकि मंगलवार को ज्यादातर अमेरिकी बाजार गिरावट के साथ बंद हुए। विदेशी संस्थागत निवेशकों ने मंगलवार को 4,566 करोड़ रुपये से ज्यादा के शेयर बेचे।