USA: दक्षिणी कैलिफोर्निया के मोजावे रेगिस्तान में स्थित अमेरिकी वायु सेना के एक अड्डे से उड़ान भरने के तुरंत बाद एक बी-52 बमवर्षक विमान दुर्घटनाग्रस्त होकर आग की लपटों में घिर गया, जिससे विमान में सवार सभी आठ लोगों की मौत हो गई। सैन्य अधिकारियों ने ये जानकारी दी।
प्राप्त तस्वीरों में दिखाई दिया कि आग लगने के बाद विमान पूरी तरह जल कर खाक हो गया। ये हादसा सुबह लगभग 11:20 बजे लॉस एंजिलिस के उत्तर में स्थित एडवर्ड्स वायु सेना अड्डे में हुआ और विमान नियमित परीक्षण अभियान में रवाना हुआ था।
हादसे के बाद रनवे के पास रेगिस्तान के एक बड़े हिस्से से धुआं उठता दिखाई दिया। मौके पर आपातकालीन वाहन भी मौजूद थे। विमान में सरकारी ठेकेदारों और सैन्यकर्मियों समेत कुल आठ लोग सवार थे। एडवर्ड्स में ‘412 टेस्ट विंग’ के उप-कमांडर कर्नल जेम्स हेस ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि दुर्घटना का फुटेज देखने के बाद ये साफ हो गया कि इसमें किसी के बचने की संभावना नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने आठ महान अमेरिकियों को खो दिया है।’’ हेस ने कहा कि मृतकों के परिजनों को सूचित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना का कारण तत्काल साफ नहीं है और जांच पूरी होने में छह महीने तक का समय लग सकता है।
हालांकि उन्होंने बताया कि बी-52 विमान वायु सेना के रडार आधुनिकीकरण कार्यक्रम से जुड़े परीक्षण मिशन में शामिल था। बोइंग का ‘बी-52 स्ट्रेटोफोर्ट्रेस’ एक लंबी दूरी का बमवर्षक विमान है, जिसे 1955 में सेवा में शामिल किया गया था।
ये परंपरागत और परमाणु दोनों प्रकार के हथियार ले जाने में सक्षम है और वियतनाम से लेकर ईरान तक अमेरिकी सैन्य अभियानों में इसका इस्तेमाल किया जाता रहा है। एडवर्ड्स वायु सेना अड्डा अमेरिकी वायु सेना के विमान परीक्षण और विकास कार्यों का प्रमुख केंद्र है। ये लॉस एंजेलिस से लगभग 161 किलोमीटर उत्तर में स्थित है।
विमानन सुरक्षा विशेषज्ञ जेफ गुजेटी ने कहा कि दुर्घटना के कारणों पर अभी कोई ठोस निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी। हालांकि उनके अनुसार, उड़ान भरने के तुरंत बाद ‘बी-52’ का बिना ज्यादा ऊंचाई या दूरी तय किए दुर्घटनाग्रस्त हो जाना इस बात का संकेत देता है कि विमान की उड़ान नियंत्रण प्रणाली में किसी प्रकार की गंभीर खराबी हो सकती है।