Breaking News

SIR के विरोध में बंगाल में बंपर वोटिंग: सीएम ममता बनर्जी     |   स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बिना किसी प्रतिबंध या टोल के खुला रखा जाना चाहिए: जर्मन सरकार     |   यूपी बोर्ड रिजल्ट जारी, 10वीं में कशिश वर्मा और 12वीं में शिखा वर्मा ने टॉप किया     |   IRS अधिकारी की बेटी हत्याकांड: पोस्टमार्टम से गला घोंटने की पुष्टि, रेप की जांच जारी     |   झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने एनुअल सेकेंडरी एग्जामिनेशन 2026 का घोषित किया     |  

पश्चिम बंगाल चुनाव: दूसरे चरण से पहले कोलकाता में अमित शाह की बैठक, कालीघाट मंदिर करेंगे दर्शन

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण से पहले कोलकाता स्थित बीजेपी कार्यालय में पार्टी नेताओं के साथ बैठक की। इस बैठक में आगामी रणनीति और चुनावी तैयारियों पर चर्चा की गई। इससे पहले बीजेपी के रासबेहारी सीट से उम्मीदवार स्वपन दासगुप्ता ने अमित शाह के कालीघाट मंदिर दौरे को लेकर कहा, “गृह मंत्री अमित शाह कालीघाट मंदिर आ रहे हैं, जो सभी हिंदुओं के लिए एक बेहद पवित्र स्थान है। यह मेरे विधानसभा क्षेत्र रासबेहारी में ही स्थित है।”

उन्होंने टीएमसी सरकार पर क्षेत्र के विकास की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा, “मुझे उम्मीद है कि उनके आने पर मैं उन्हें दिखा पाऊंगा कि 15 साल के टीएमसी शासन में इस क्षेत्र की कितनी अनदेखी हुई है और यहां सुविधाओं के स्तर पर कितने सुधार की जरूरत है।” कोलकाता की सभी 11 विधानसभा सीटों पर फिलहाल तृणमूल कांग्रेस का कब्जा है, जिन पर 29 अप्रैल को दूसरे चरण में मतदान होना है। रासबेहारी सीट 2011 से टीएमसी का गढ़ रही है। इससे पहले भी इस सीट पर टीएमसी का दबदबा रहा है, जहां चार बार के विधायक शोभनदेव चट्टोपाध्याय का प्रभाव रहा है।

इस बार रासबेहारी सीट पर स्वपन दासगुप्ता का मुकाबला मौजूदा विधायक देबाशीष कुमार से है। बीजेपी, जिसने पिछले चुनाव में 77 सीटें जीती थीं, इस बार टीएमसी को हराकर सत्ता में आने की कोशिश कर रही है, जबकि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी चौथी बार सत्ता में वापसी का लक्ष्य रख रही हैं। पश्चिम बंगाल में पहले चरण के मतदान के दौरान भारी मतदान देखा गया। चुनाव आयोग के अनुसार, गुरुवार दोपहर 1 बजे तक 56.81 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।  पश्चिम मेदिनीपुर में सबसे ज्यादा 65.77 प्रतिशत मतदान हुआ, इसके बाद झारग्राम (65.31 प्रतिशत) और बांकुड़ा (64.58 प्रतिशत) रहे, जबकि मालदा में सबसे कम 58.45 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना 4 मई को होगी।