देश के कई हिस्सों में मौसम तेजी से करवट ले रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 21 घंटों के भीतर 15 राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी और खराब मौसम का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कई क्षेत्रों में 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि पहाड़ी इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों में सतर्क रहने की सलाह दी है। इसके अलावा झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में भी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली-NCR में ऑरेंज अलर्ट
दिल्ली और एनसीआर में मौसम विभाग ने 11 जून से भारी बारिश की संभावना जताई है। बारिश के साथ तेज आंधी और तूफान की चेतावनी भी जारी की गई है। विभाग के अनुसार 13 जून तक राजधानी में बारिश का दौर जारी रह सकता है। इसी को देखते हुए दिल्ली-एनसीआर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
तेलंगाना में बारिश से जनजीवन प्रभावित
तेलंगाना के कई जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। राजधानी हैदराबाद के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। सड़कों पर पानी भरने से यातायात भी प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने आज भी राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है।
उत्तर प्रदेश में मौसम का यू-टर्न
उत्तर प्रदेश में भी मौसम ने अचानक करवट ली है। मौसम विभाग ने आज राज्य के 35 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। विभाग का कहना है कि कल से प्री-मानसून गतिविधियां और तेज होंगी। नोएडा और गाजियाबाद समेत कई जिलों में बारिश की संभावना है, जबकि कुछ इलाकों में लू का असर भी बना रह सकता है। हाल ही में चित्रकूट में आए तेज तूफान ने भारी तबाही मचाई थी, जहां एक ऑडिटोरियम का ढांचा तक उड़ गया था।
उत्तराखंड में गर्मी और बारिश का डबल असर
उत्तराखंड में मौसम का दोहरा रूप देखने को मिल रहा है। एक ओर मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी लोगों को परेशान कर रही है, वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में काले बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार आज राज्य के कई जिलों में बारिश हो सकती है। उत्तरकाशी से लेकर नैनीताल तक बौछारों की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में गिरावट और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने, अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।