Breaking News

राजस्थान के 19 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट     |   लखनऊ अग्निकांड: सभी आरोपियों को जेल भेजा गया     |   CUET UG के नतीजे घोषित     |   दिल्ली-NCR में बदला मौसम, चल रही धूल भरी आंधी     |   आयरलैंड-इंग्लैंड सीरीज: भारतीय टीम में नितीश कुमार रेड्डी की जगह सूर्यांश शेडगे को शामिल किया गया     |  

दिल्ली-NCR में धूलभरी आंधी और बारिश से बदला मौसम, उड़ानों पर भी पड़ा असर

दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार दोपहर अचानक मौसम ने करवट ली। तेज धूलभरी आंधी के साथ कई इलाकों में बारिश और गरज-चमक देखने को मिली, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। राजधानी के छतरपुर, आरके पुरम, कर्तव्य पथ, आरएमएल अस्पताल, गुरुद्वारा बंगला साहिब, मौलाना आजाद रोड, बाराखंभा रोड और इंडिया गेट समेत कई क्षेत्रों में धूलभरी आंधी चली। वहीं, उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर-49 सहित आसपास के इलाकों में भी मौसम का यही असर देखने को मिला।

खराब मौसम का असर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) पर भी पड़ा। दिल्ली एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण उड़ान संचालन प्रभावित हुआ है। एयरपोर्ट अधिकारियों ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे एयरपोर्ट पहुंचने के लिए दिल्ली मेट्रो जैसे वैकल्पिक साधनों का उपयोग करें और अपनी उड़ान से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइन से संपर्क करें।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली में आर्द्रता का स्तर करीब 73 प्रतिशत दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में भी मंगलवार को भारी बारिश हुई। शहर के मेयो रोड और आसपास के इलाकों में तेज बारिश दर्ज की गई।

वहीं, बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के अनुसार, सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक मुंबई शहर में औसतन 26 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। पूर्वी उपनगरों में 4 मिमी और पश्चिमी उपनगरों में 13 मिमी वर्षा हुई। बीएमसी ने बताया कि बारिश के बावजूद शहर के सबवे सामान्य रूप से खुले रहे और रेल यातायात भी बिना किसी बाधा के संचालित होता रहा। लगातार पड़ रही गर्मी और उमस के बीच हुई इस बारिश ने दिल्ली, कोलकाता और मुंबई समेत कई शहरों के लोगों को राहत पहुंचाई है।