Breaking News

पुरानी दिल्ली रेलवे पर हादसा, एक व्यक्ति की मौत     |   विजयवाड़ा में CM नायडू ने रामदेव बाबा की जमकर की तारीफ     |   डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत अमेरिका-ईरान वार्ता के लिए स्विट्जरलैंड रवाना     |   दिल्ली के शाहदरा में घर में लगी आग, मौके पर पहुंचीं 6 दमकल गाड़ियां     |   ईरान के अरबों डॉलर फंड पर अमेरिका-कतर बना रहे योजना     |  

Stock Market: शेयर बाजार में दो दिन से जारी तेजी थमी, सेंसक्स 174 अंक टूटा

Stock Market: वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख के बीच आईटी और दैनिक इस्तेमाल का सामान बनाने वाली कंपनियों के शेयरों में बिकवाली से स्थानीय शेयर बाजार में दो कारोबारी सत्रों से जारी तेजी पर सोमवार को रोक लगी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के चीनी वस्तुओं पर एक नवंबर से 100 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क लगाने की घोषणा से दुनिया भर के बाजारों में गिरावट आई।

30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 174 अंक गिरकर 82,327 पर जबकि 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 58 अंक टूटकर 25,227 पर बंद हुआ। सेंसेक्स के शेयरों में टाटा मोटर्स, हिंदुस्तान यूनिलीवर, इंफोसिस, पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड सबसे ज्यादा गिरे जबकि अडाणी पोर्ट्स, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, एक्सिस बैंक और भारती एयरटेल सबसे ज्यादा बढ़त में रहे।

क्षेत्रीय स्तर पर आईटी, एफएमसीजी, पूंजीगत वस्तुए, धातु, बिजली और तेल एवं गैस शेयरों ने बाजार को नीचे खींचा, जबकि वित्तीय सेवाएं, बैंक और मीडिया शेयर मजबूत रहे। चीन के शंघाई कम्पोजिट, हॉन्गकॉन्ग के हैंग सेंग और सियोल के कॉस्पी सहित सभी एशियाई बाजार गिरावट के साथ बंद हुए। इस बीच जापान में शेयर बाजार छुट्टी के कारण बंद रहे।

यूरोप के बाजार सोमवार को बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे जबकि अमेरिकी बाजार शुक्रवार को भारी गिरावट के साथ बंद हुए। विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को 459 करोड़ रुपये से ज्यादा के शेयर खरीदे।