Breaking News

न्यूजीलैंड क्रिकेटर मिशेल सेंटनर कंधे की चोट के कारण एक महीने तक नहीं खेल पाएंगे     |   SC ने असम सीएम हिमंत सरमा के पवन खेड़ा पर दिए गए बयानों का न्यायिक संज्ञान लिया     |   कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम बढ़े, यही BJP का 'अच्छे दिनों' का असली चेहरा: आतिशी     |   MP: जबलपुर-बरगी डैम क्रूज हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 9 हुई, 28 का रेस्क्यू     |   कांग्रेस नेता पवन खेड़ा को सुप्रीम कोर्ट से मिली अग्रिम जमानत     |  

यूपी में बारिश और ओलावृष्टि ने मचाई तबाही, 24 लोगों की हुई मौत, CM योगी ने मुआवजे का किया ऐलान

यूपी में पिछले दो दिनों तक हुई भारी बारिश, तेज आंधी और आकाशीय बिजली ने भारी तबाही मचाई है. इस प्राकृतिक आपदा में अब तक 24 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 15 लोग घायल हुए हैं. इसके अलावा 16 पशुओं की भी मौत हो गई है. प्रदेश के कई जिलों में बारिश के साथ तेज हवाएं और बिजली गिरने की घटनाएं भी दर्ज की गईं, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ. सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस प्राकृतिक आपदा पर गहरा शोक व्यक्त किया है. 

कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. खेतों में काम कर रहे किसान, खुले स्थानों पर मौजूद लोग और कच्चे मकानों में रहने वाले परिवार सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं. कई जगह पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और जलभराव जैसी समस्याएं भी सामने आई हैं. 

मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि राज्य सरकार हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों को तुरंत बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए और अस्पतालों में सभी जरूरी चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं. सीएम योगी ने विशेष रूप से निर्देश दिया है कि जनहानि, पशुहानि और घायलों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा उपलब्ध कराया जाए. उन्होंने जिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के आदेश दिए हैं. साथ ही चेतावनी दी है कि राहत कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार राहत कार्य में जुटी हुई हैं. घर-घर जाकर नुकसान का आकलन किया जा रहा है और जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाई जा रही है. वहीं मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक कई जिलों में भारी बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने की आशंका जताई है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, खेतों और पेड़ों के नीचे जाने से बचें और बिजली चमकने के समय सुरक्षित स्थानों पर रहें. लगातार बिगड़ते मौसम को देखते हुए पूरे प्रदेश में अलर्ट जारी कर दिया गया है.