Breaking News

G-7 समिट में पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात, हैंडशेक के बाद साथ बैठे     |   फर्जी साइन केस में अभिषेक बनर्जी से करीब 6:30 घंटे चली पूछताछ     |   G-7 समिट: जेलेंस्की बोले- कनाडा के साथ यूक्रेन बड़ी ड्रोन डील करने वाला है     |   जापान के होन्शू इलाके के पूर्वी तट के पास 6 तीव्रता का भूकंप आया     |   G-7 समिट में हिस्सा लेने के लिए पीएम मोदी फ्रांस के एवान शहर पहुंचे     |  

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से शुरू हुई अकासा एयर की उड़ानें, NCR में बढ़ी कनेक्टिविटी

अकासा एयर ने मंगलवार को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NIA) से अपनी वाणिज्यिक उड़ान सेवाएं शुरू कर दीं। इसे एयरलाइन के नेटवर्क विस्तार और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में उपस्थिति मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। 16 जून को अकासा एयर की पहली उड़ान नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सुबह 7:25 बजे रवाना हुई और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंची। इसके बाद नोएडा से पहली उड़ान सुबह 10:15 बजे रवाना होकर नवी मुंबई पहुंची।

इसके साथ ही अकासा एयर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से वाणिज्यिक सेवाएं शुरू करने वाली शुरुआती एयरलाइनों में शामिल हो गई है। अकासा एयर के सह-संस्थापक और मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी आनंद श्रीनिवासन ने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से संचालन शुरू करना कंपनी की विकास यात्रा में एक अहम उपलब्धि है।

उन्होंने कहा, "भारत के नए विमानन केंद्रों में शामिल यह एयरपोर्ट NCR और आसपास के राज्यों के यात्रियों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। नोएडा में हमारी शुरुआती मौजूदगी प्रमुख विकासशील बाजारों में मजबूत नेटवर्क बनाने की हमारी दीर्घकालिक रणनीति का हिस्सा है।" नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उपाध्यक्ष क्रिस्टोफ श्नेलमैन ने कहा कि अकासा एयर का आगमन यात्रियों के लिए नए यात्रा विकल्प और अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।

उन्होंने कहा, "अकासा एयर के साथ मिलकर हम यात्रियों को सुगम और सुविधाजनक यात्रा अनुभव देने के साथ-साथ उत्तर प्रदेश और उत्तर भारत में आर्थिक विकास और बेहतर कनेक्टिविटी के नए अवसर पैदा करेंगे।" अकासा एयर का कहना है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से संचालन शुरू होने से उत्तर भारत में उसकी पकड़ और मजबूत होगी। एयरलाइन ऐसे विमानन केंद्रों में निवेश कर रही है जहां यात्री मांग अधिक है और परिचालन सुविधाएं बेहतर हैं।

अकासा एयर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट परिसर में एक अत्याधुनिक MRO (मेंटेनेंस, रिपेयर एंड ओवरहॉल) सुविधा भी स्थापित करेगी। यह केंद्र विमान रखरखाव से जुड़ी विभिन्न सेवाएं प्रदान करेगा और परिचालन दक्षता तथा सुरक्षा मानकों को और बेहतर बनाने में मदद करेगा। नई सेवा से NCR, उत्तर प्रदेश और देश के अन्य हिस्सों के बीच हवाई संपर्क को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।