पंजाब में लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर हो रहे उप-चुनाव के लिए मतदान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जारी है। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ जो शाम छह बजे तक जारी रहेगा। मतगणना 23 जून को होगी। आम आदमी पार्टी (एएपी) विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी के जनवरी में निधन के बाद लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट खाली हो गई है। लुधियाना पश्चिम क्षेत्र में कई दलों के बीच टक्कर है। प्रमुख राजनीतिक दल एएपी, कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) एक-दूसरे को मात देने के प्रयास में जुटे हैं।
इस सीट के लिए कुल 14 उम्मीदवार मैदान पर हैं और 85,371 महिलाओं और 10 ‘ट्रांसजेंडर’ समेत कुल 1,75,469 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं। उप-चुनाव के लिए कुल 194 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं और सीधे निगरानी के लिए सभी केंद्रों की ‘वेबकास्टिंग’ की जाएगी। जिला प्रशासनिक परिसर में स्थित एकीकृत कमान और नियंत्रण केंद्र से मतदान प्रक्रिया की सीधे निगरानी की जाएगी। मतदान केंद्रों पर 235 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। सत्तारूढ़ एएपी ने उप-चुनाव के लिए राज्यसभा सदस्य संजीव अरोड़ा को मैदान में उतारा है।
लुधियाना के उद्योगपति अरोड़ा (61) सामाजिक कल्याण कार्य करने के लिए भी जाने जाते हैं। वे ‘कृष्ण प्राण ब्रेस्ट कैंसर चैरिटेबल ट्रस्ट’ संचालित करते हैं। अरोड़ा 2022 से राज्यसभा के सदस्य हैं। विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने पूर्व मंत्री और कांग्रेस की पंजाब इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष भारत भूषण आशु पर दांव लगाया है। आशु 2012 और 2017 में दो बार इस सीट से विधायक रह चुके हैं। उन्हें 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में गोगी ने 7,512 मतों के अंतर से हराया था।
बीजेपी ने पार्टी के वरिष्ठ नेता जीवन गुप्ता को मैदान पर उतारा है, जो पंजाब में भाजपा की कोर कमेटी के सदस्य हैं। वे इससे पहले पार्टी की प्रदेश इकाई के महासचिव रह चुके हैं। शिरोमणि अकाली दल ने उप-चुनाव के लिए परोपकार सिंह घुम्मण को अपना उम्मीदवार बनाया है। पेशे से अधिवक्ता घुम्मण यहां लुधियाना बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष हैं।
पंजाब: लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर उप-चुनाव, मतदान जारी
You may also like
बालमुकुंद आचार्य का संदेश: आश्रमों से निकलकर सनातन धर्म और संस्कृति का प्रचार करें.
देवभूमि की पवित्रता बनाए रखें, CM धामी की अपील, प्लास्टिक कचरा न फैलाएं.
धर्म गद्दी और राज गद्दी के संबंध पर अनंत विभूषित महाराज का बड़ा बयान.
Share Market: कच्चे तेल में उछाल से शेयर बाजार फिसला, सेंसेक्स 583 अंक लुढ़का.