Breaking News

मुंबई: मुहर्रम पर जहरीला कैप्सूल मामले के आरोपी फैयाज को पुलिस कोर्ट लेकर पहुंची     |   दिल्ली में इलेक्ट्रिक व्हीकल (eV) पॉलिसी 2026 लॉन्च, 1 जुलाई से होगी लागू     |   SIA ने श्रीनगर की TADA कोर्ट में सरला भट्ट मर्डर केस में चार्जशीट दाखिल की     |   खामेनेई के अंतिम संस्कार में भारत की ओर से पबित्रा मार्गेरिटा और सैयद अता हसनैन जाएंगे     |   राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस: अनिल मिश्रा-गोपाल राव समेत 70-80 लोगों को नोटिस     |  

18 महीने में 11 लोगों की हत्या, पंजाब पुलिस के हत्थे चढ़ा सीरियल किलर

पंजाब के रूपनगर में पुलिस ने पिछले 18 महीनों में 11 लोगों की हत्या करने वाले एक सीरियल किलर को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को ये जानकारी दी थी। उन्होंने बताया कि आरोपित की पहचान होशियारपुर जिले के चौरा गांव के राम स्वरूप उर्फ सोढ़ी के रूप में हुई है। आरोपित को सोमवार को एक दूसरे मामले में गिरफ्तार किया गया था और पूछताछ के दौरान पता चला कि वो ‘सीरियल किलर’ है। 

पुलिस ने कहा कि आरोपित अपनी कार में लिफ्ट देकर पुरुषों को लूटता था और विरोध करने पर उनकी हत्या कर देता था। रूपनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गुलनीत सिंह खुराना ने कहा कि जिले में जघन्य अपराधों के मामलों को सुलझाने के लिए पुलिस अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं। 

खुराना ने कहा कि हत्या के मामलों में शामिल अपराधियों को पकड़ने के लिए एक पुलिस टीम का गठन किया गया था। कीरतपुर साहिब में हत्या के एक मामले का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि 18 अगस्त को लगभग 37 साल के व्यक्ति की हत्या कर दी गई थी जो टोल प्लाजा मोदरा पर चाय और पानी देता था। 

पुलिस ने कहा कि इस मामले की जांच में राम स्वरूप की गिरफ्तारी हुई और बाद में पूछताछ के दौरान बाकी मामलों में उसकी भागीदारी का खुलासा हुआ। अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपित ने कबूल किया कि इस मामले के अलावा उसने 10 और हत्याएं की हैं। 

उन्होंने बताया कि आरोपित ने फतेहगढ़ साहिब और होशियारपुर जिलों में हत्याएं करने की बात भी स्वीकार की है। पुलिस ने कहा कि राम पीड़ितों का गला घोंट देता था या फिर ईंट-पत्थर जैसी चीजों से उनकी हत्या कर देता था।