बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा ने सोमवार को मुंबई के प्रसिद्ध सिद्धिविनायक मंदिर पहुंचकर भगवान गणेश के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। मंदिर के अंदर से सामने आए वीडियो और तस्वीरों में प्रियंका पूजा करती और भगवान गणेश के सामने माथा टेकती नजर आईं। प्रियंका इस दौरान पारंपरिक अंदाज में दिखाई दीं। उन्होंने हल्के गुलाबी रंग का सूट पहना हुआ था। मंदिर में उन्होंने श्रद्धा के साथ पूजा की और भगवान गणेश का आशीर्वाद लिया।
प्रियंका चोपड़ा इन दिनों मुंबई में हैं। इससे पहले इसी महीने वह अपने पति निक जोनस और बेटी मालती मैरी के साथ हैदराबाद में नजर आई थीं।वर्कफ्रंट की बात करें तो प्रियंका चोपड़ा इन दिनों निर्देशक एसएस राजामौली की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘वाराणसी’ में काम कर रही हैं। फिल्म में वह मंदाकिनी का किरदार निभा रही हैं। फिल्म में महेश बाबू मुख्य भूमिका में हैं, जबकि पृथ्वीराज सुकुमारन भी अहम भूमिका में नजर आएंगे।
‘वाराणसी’ के संगीत की जिम्मेदारी ऑस्कर विजेता संगीतकार एमएम कीरवाणी ने संभाली है। फिल्म को बड़े स्तर पर बनाया जा रहा है और इसकी कहानी कई समय-काल और अलग-अलग महाद्वीपों तक फैली हुई बताई जा रही है। फिल्म का प्रोडक्शन अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। हाल ही में महेश बाबू के जन्मदिन के मौके पर फिल्म के निर्माताओं ने उनके किरदार रुद्र की नई झलक भी जारी की थी। तस्वीरों में महेश बाबू दाढ़ी वाले रफ एंड टफ लुक में नजर आए। एक तस्वीर में वह अफ्रीकी जंगलों के बीच दिखाई दे रहे हैं, जहां पीछे जेब्रा और जिराफ नजर आ रहे हैं। वहीं दूसरी तस्वीर में वह घनी हरियाली के बीच बांस की बनी नाव या खाट पर आराम करते दिखाई दिए।
फिल्म के आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा गया, “एक और बार सूरज के चारों ओर सफर... इससे पहले कि हम समय के पार यात्रा करें। हैप्पी बर्थडे रुद्र।” एसएस राजामौली की ‘वाराणसी’ को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह है। फिल्म 7 अप्रैल 2027 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।