राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को अपने राष्ट्रपति कार्यकाल के चार साल पूरे होने के मौके पर RAAHI नाम से मुफ्त इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू की। इसके साथ ही उन्होंने राष्ट्रपति भवन से मिले चुनिंदा उपहारों की नीलामी के लिए ई-उपहार के तीसरे संस्करण की भी शुरुआत की। RAAHI बस सेवा का उद्देश्य हरित और समावेशी परिवहन को बढ़ावा देना है। यह सेवा राष्ट्रपति भवन परिसर के कर्मचारियों और वहां रहने वाले लोगों के लिए शुरू की गई है। 27 सीटों वाली यह इलेक्ट्रिक बस व्हीलचेयर की सुविधा से लैस है। खास बात यह है कि इसे महिला ड्राइवर और कंडक्टर चलाएंगी।
इस बस सेवा से महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांग लोगों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा की सुविधा मिलेगी। वहीं, ई-उपहार के तीसरे संस्करण में राष्ट्रपति को मिले 300 चुनिंदा उपहारों को सार्वजनिक नीलामी के लिए रखा जाएगा। यह नीलामी 5 अगस्त से 5 सितंबर 2026 तक चलेगी। नीलामी से मिलने वाली पूरी राशि सामाजिक कल्याण से जुड़े कार्यों में इस्तेमाल की जाएगी।
राष्ट्रपति भवन के अनुसार, ई-उपहार का उद्देश्य राष्ट्रपति भवन को सही मायने में 'राष्ट्र का भवन' बनाना है। ई-उपहार के पहले संस्करण 2024 और दूसरे संस्करण 2025 को देशभर के लोगों से शानदार प्रतिक्रिया मिली थी। इस नीलामी में कलेक्टर, कला प्रेमी और आम लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था। ई-उपहार के जरिए लोग राष्ट्रपति भवन से जुड़े खास उपहार खरीदने के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भी योगदान दे सकते हैं।