Breaking News

लखनऊ: 30 अप्रैल को उत्तर प्रदेश विधानसभा सत्र के लिए कार्यक्रम जारी     |   अजरबैजान में रूस के साथ शांति वार्ता करने के लिए हम तैयार हैं: जेलेंस्की     |   स्वाति मालीवाल बीजेपी में शामिल, केजरीवाल पर लगाए आरोप     |   स्वाती मालिवाल ने आम आदमी पार्टी छोड़ने का किया ऐलान     |   जेलेंस्की ने कहा- रूसी हमलों के चलते यूक्रेन में 30 से ज्यादा लोग घायल     |  

पूजा खेडकर को पिंपरी अस्पताल से मिला था डिसेबिलिटी सर्टिफिकेट, पुलिस जांच में जुटी

Maharashtra: ट्रेनी आईएएस पूजा खेडकर इन दिनों सुर्खियों में हैं। उनको लेकर रोज नए-नए खुलासे हो रहे हैं। अब पता चला है कि पूजा को अगस्त 2022 में पुणे जिले के पिंपरी के एक अस्पताल से लोकोमोटर डिसेबिलिटी सर्टिफिकेट (चलने-फिरने संबंधी विकलांगता) मिला था। वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को ये जानकारी दी। सिविल सेवाओं में जाने के लिए डिसेबिलिटी और ओबीसी सर्टिफिकेट में हेरफेर के आरोपों का सामना कर रहीं खेडकर ने दावा किया कि उन्हें बदनाम किया जा रहा है।

इस बीच, पिंपरी के यशवंतराव चव्हाण मेमोरियल हॉस्पिटल (वाईसीएम) ने साफ कर दिया है कि पूजा खेडकर को कोई बड़ी शारीरिक विकलांगता नहीं है। हॉस्पिटल का कहना है कि पूजा को सात फीसदी डिसेबिलिटी है जबकि किसी नौकरी में कोटे के लिए अभ्यर्थी की 40 फीसदी विकलांगता जरूरी है।

वाईसीएम के डीन राजेंद्र वाबले ने कहा, "उसने (पूजा) अपने बाएं अंग के घुटने के जोड़ के संबंध में डिसेबिलिटी सर्टिफिकेट के लिए अगस्त 2022 में आवेदन किया था। ऑनलाइन आवेदन के बाद, वे 24 अगस्त, 2022 को परीक्षा के उद्देश्य और असेसमेंट के उद्देश्य से यहां आई थी। उस परीक्षा के दौरान, कई विभागों की तरफ से उनका असेसमेंट किया गया, जिसमें फिजियोथेरेपी ऑर्थोपेडिक्स भी शामिल था। असेसमेंट के अंत में, ये पाया गया कि उनके घुटने के जोड़ की अक्षमता से जुड़ा सात फीसदी लोकोमोटर डिसेबिलिटी है। ये 24 अगस्त को जारी किया गया था। सात फीसदी डिसेबिलिटी को कहीं भी गिना नहीं जाता है। बेंचमार्क डिसेबिलिटी 40 फीसदी है।"

पूजा ने डिसेबिलिटी सर्टिफिकेट लेने के लिए एक ही समय में दो अलग-अलग अस्पतालों यानी की पुणे के औंध जिला अस्पताल और पिंपरी के यशवंतराव चव्हाण मेमोरियल अस्पताल (वाईसीएम) में ऑनलाइन आवेदन किया था। हालांकि, औंध अस्पताल ने उनकी एप्लीकेशन खारिज कर दी थी।

खेडकर ने पहले पर्सन विद बेंचमार्क डिसेबिलिटी (पीडब्ल्यूबीडी) कैटेगरी के तहत अहमदनगर जिला सिविल अस्पताल की तरफ से 2018 और 2021 में दिए गए दो सर्टिफिकेट यूपीएससी को जमा किए थे। फिलहाल पुलिस पूजा की तरफ से दिए गए सर्टिफिकेट्स की जांच कर रही है।