प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज एक दिन के लिए राजस्थान और गुजरात के दौरे पर रहेंगे। सबसे पहले वे जोधपुर में 480 करोड़ रुपये की लागत से बने नए एयरपोर्ट टर्मिनल का उद्घाटन करेंगे। इस नए टर्मिनल से हर साल करीब 20 लाख यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी। यहां वे उन्नत उड़ान योजना (UDAN) की भी शुरुआत करेंगे, जिसका मकसद देश में हवाई संपर्क को और बेहतर बनाना है। इसके बाद प्रधानमंत्री बालोतरा जाएंगे, जहां वे पेट्रोकेमिकल, सड़क, रेलवे, मेट्रो, सौर ऊर्जा और बिजली से जुड़ी कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
प्रधानमंत्री पचपदरा में भारत की पहली ग्रीनफील्ड रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल परियोजना राष्ट्र को समर्पित करेंगे। यह परियोजना हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) और राजस्थान सरकार का संयुक्त उपक्रम है। इसकी क्षमता हर साल 90 लाख मीट्रिक टन है। वे जयपुर मेट्रो के दूसरे चरण की भी आधारशिला रखेंगे। 13 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत वाली इस परियोजना के तहत 41 किलोमीटर लंबा नया मेट्रो कॉरिडोर बनाया जाएगा, जिसमें 36 स्टेशन होंगे।
इसके अलावा प्रधानमंत्री चूरू-सादुलपुर और चूरू-रतनगढ़ रेल लाइन दोहरीकरण, राष्ट्रीय राजमार्ग-125ए और जोधपुर रिंग रोड के दूसरे चरण का उद्घाटन करेंगे। वे 1,000 मेगावाट की बीकानेर सौर ऊर्जा परियोजना और 1,900 करोड़ रुपये से अधिक की बिजली पारेषण लाइन का भी उद्घाटन करेंगे। साथ ही 530 किलोमीटर लंबी नई बिजली पारेषण प्रणाली की आधारशिला रखेंगे।
प्रधानमंत्री राजस्थान सरकार के विभिन्न विभागों में भर्ती हुए करीब 54 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र भी सौंपेंगे। शाम को प्रधानमंत्री गुजरात के सानंद पहुंचेंगे, जहां वे सीजी सेमी आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर असेंबली एंड टेस्ट (OSAT) सुविधा का उद्घाटन करेंगे। 7,500 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली यह परियोजना इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन के तहत मंजूर पहली चार परियोजनाओं में शामिल है।
यह संयंत्र भारत की पहली आधुनिक सेमीकंडक्टर असेंबली और टेस्टिंग सुविधाओं में से एक होगा। पूरी क्षमता से काम शुरू होने पर यहां हर साल 5 अरब (500 करोड़) सेमीकंडक्टर चिप्स का उत्पादन किया जा सकेगा। इससे एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस), हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग और मेमोरी चिप्स की बढ़ती वैश्विक मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी।