Breaking News

कामाख्या मंदिर पहुंचीं निर्मला सीतारमण, मां कामाख्या के दर्शन कर की पूजा-अर्चना     |   अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर शिल्पा शेट्टी ने दिया फिटनेस का संदेश, कहा- योग को जीवनशैली बनाएं     |   अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर अक्षय कुमार ने किया योग, केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया के साथ हुए शामिल     |   दिल्ली पुलिस ने 80 लाख रुपये की ऑनलाइन निवेश ठगी का किया भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार     |   नीट-यूजी पुनर्परीक्षा: देशभर में सुरक्षा कड़ी, परीक्षा केंद्रों पर तैयारियां पूरी     |  

कामाख्या मंदिर पहुंचीं निर्मला सीतारमण, मां कामाख्या के दर्शन कर की पूजा-अर्चना

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को असम के गुवाहाटी स्थित प्रसिद्ध कामाख्या मंदिर में पहुंचकर मां कामाख्या के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। उन्होंने यह यात्रा 22 जून से शुरू होने वाले वार्षिक अंबुबाची मेले से पहले की। चार दिवसीय अंबुबाची मेला 22 जून की रात से शुरू होकर 26 जून की सुबह तक चलेगा। इस दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु, संत, साधु, तांत्रिक साधक और पर्यटक कामाख्या मंदिर पहुंचेंगे। भारी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए असम सरकार, जिला प्रशासन और मंदिर प्रबंधन ने व्यापक तैयारियां की हैं।

मां कामाख्या देवालय के मुख्य पुजारी (डोलोई) के अनुसार, अंबुबाची मेला देवी कामाख्या के वार्षिक रजस्वला काल का प्रतीक है, जो उर्वरता, सृजन और स्त्री शक्ति का प्रतिनिधित्व करता है। परंपरा के अनुसार, 22 जून रात 9:08 बजे 'प्रवृत्ति' अनुष्ठान के साथ मंदिर के गर्भगृह के द्वार बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद 23, 24 और 25 जून तक गर्भगृह श्रद्धालुओं के लिए बंद रहेगा। 26 जून को विशेष पूजा-अर्चना के बाद मंदिर के कपाट फिर से खोले जाएंगे।

इससे पहले वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा के साथ गुवाहाटी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में भी भाग लिया। असम के स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल ने योग दिवस के अवसर पर कहा कि योग भारत की दुनिया को दी गई अमूल्य देन है। उन्होंने कहा कि योग ऊर्जा, सकारात्मकता और मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने बताया कि योग दिवस के अवसर पर पूरे असम में 35 हजार से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें स्वयं सहायता समूहों के सदस्य, छात्र, सरकारी कर्मचारी और आम नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता के रेड रोड पर आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में हजारों लोगों के साथ योगाभ्यास कर 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह का नेतृत्व किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि योग पूरी दुनिया को एक सूत्र में बांधने की क्षमता रखता है।

इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम "योग फॉर हेल्दी एजिंग" रखी गई है, जो स्वस्थ, सक्रिय और संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा देने पर केंद्रित है। पिछले एक दशक में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस दुनिया के सबसे बड़े स्वास्थ्य और कल्याण आंदोलनों में से एक बन चुका है। योग और फिट इंडिया जैसे अभियानों के माध्यम से भारत वैश्विक स्तर पर स्वस्थ और टिकाऊ जीवनशैली को बढ़ावा देने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।