बहुप्रतीक्षित सीरीज ‘House of the Dragon’ के तीसरे सीजन की रिलीज डेट आखिरकार सामने आ गई है। HBO Max ने एक नए टीज़र ट्रेलर के साथ इसका ऐलान किया है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, ‘House of the Dragon’ सीजन 3 का प्रीमियर 21 जून को रात 9 बजे (ET) होगा। इस सीजन में कुल 8 एपिसोड होंगे, जो हर हफ्ते रिलीज किए जाएंगे। सीजन का फिनाले 9 अगस्त को प्रसारित होगा।
रिलीज डेट के साथ ही मेकर्स ने एक नया टीज़र भी जारी किया है, जिसमें सत्ता की जंग को और तीखे अंदाज में दिखाया गया है। टीज़र के साथ कैप्शन में लिखा गया, “अब कोई संदेह नहीं रहेगा कि राज करने के लिए देवताओं ने किसे चुना है।” यह सीरीज जॉर्ज आर.आर. मार्टिन की किताब ‘Fire & Blood’ पर आधारित है और ‘Game of Thrones’ की घटनाओं से करीब 200 साल पहले की कहानी दिखाती है। इसमें टार्गेरियन परिवार के गृहयुद्ध ‘डांस ऑफ द ड्रैगन्स’ को दर्शाया गया है।
सीरीज में मैट स्मिथ, एम्मा डी'आर्सी, ओलिविया कुक, स्टीव टूसैंट, रीस इफांस, फेबियन फ्रैंकल, इवान मिशेल और टॉम ग्लिन-कार्नी जैसे कलाकार नजर आएंगे। ‘House of the Dragon’ को रयान कोंडल और जॉर्ज आर.आर. मार्टिन ने मिलकर बनाया है और यह ‘Game of Thrones’ यूनिवर्स का अहम हिस्सा है। इसके अलावा HBO इस यूनिवर्स में ‘A Knight of the Seven Kingdoms’ जैसे अन्य प्रोजेक्ट्स और एक प्रीक्वल फिल्म पर भी काम कर रहा है।