Breaking News

बॉम्बे हाई कोर्ट से झटका, शिवसेना पार्षद रमेश म्हात्रे ने किया सरेंडर     |   सरेंडर के बाद कोर्ट में पेश हुए रमेश म्हात्रे, 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए     |   सोनम वांगचुक केस: पत्नी ने SC का दरवाजा खटखटाया, सोमवार को जल्द सुनवाई की मांग     |   नागालैंड के मोन में भारी लैंडस्लाइड, 3 की मौत, 4 लोग अब भी मलबे में फंसे     |   लगातार पांचवीं बार महंगी हुई CNG, अहमदाबाद में ₹90.02 प्रति किलो हुई कीमत     |  

देशभर में मानसून होगा सक्रिय, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट; दिल्ली में तापमान गिरेगा

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों में उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में दक्षिण-पश्चिम मानसून के और सक्रिय होने का अनुमान जताया है। विभाग ने कई राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश, अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) और भूस्खलन का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में सोमवार से बुधवार तक गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना है। इसके चलते तापमान में बड़ी गिरावट आएगी। रविवार को अधिकतम तापमान करीब 40°C रहने का अनुमान है, जो मंगलवार तक घटकर 30°C के आसपास पहुंच सकता है।

IMD के अनुसार दिल्ली में:

  • रविवार: 40°C

  • सोमवार: 37°C

  • मंगलवार: 30°C

  • बुधवार: 33°C

  • गुरुवार: 35°C

  • शुक्रवार: 36°C

  • शनिवार: 32°C

रविवार को भी गरज-चमक, बिजली और 20-30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। पूर्वोत्तर में अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में पूरे सप्ताह व्यापक बारिश होने की संभावना है।

उत्तर भारत में पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भी भारी बारिश का अनुमान है। वहीं जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश के कारण फ्लैश फ्लड और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में व्यापक बारिश होने की संभावना है।

वहीं पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, ओडिशा और झारखंड में भी कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।कोंकण-गोवा, गुजरात और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भी अच्छी बारिश का अनुमान है। कर्नाटक, केरल, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में भी व्यापक बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी सलाह का पालन करने की अपील की है।