Breaking News

राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस: SC ने SIT के पुर्नगठन के लिए कहा, अब IPS अफसर करे अगुवाई     |   ‘ये लोग सत्ता में रहने लायक नहीं’, पेपर लीक-चढ़ावा चोरी पर खड़गे का BJP पर हमला     |   दिल्ली पुलिस ने CJP प्रदर्शनकारियों से संयम बरतने और शांति बनाए रखने की अपील     |   ‘सरकार हमारी मांगों पर ध्यान देगी’, नड्डा से मुलाकात के बाद CJP डेलिगेशन ने कहा     |   ‘समर्थकों से शांति बनाए रखने की अपील करेंगे’, नड्डा संग मीटिंग के बाद बोले CJP प्रतिनिधि     |  

भारी बारिश के चलते अमरनाथ यात्रा पर रोक, पहलगाम और बालटाल दोनों मार्ग बंद

जम्मू-कश्मीर में लगातार खराब मौसम और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने रविवार (19 जुलाई) को अमरनाथ यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया है। पहलगाम और बालटाल दोनों मार्गों से यात्रा अगले आदेश तक स्थगित कर दी गई है। प्रशासन ने बताया कि यह फैसला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एहतियात के तौर पर लिया गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिसके बाद यह निर्णय लिया गया।

इससे पहले शनिवार सुबह उधमपुर में अमरनाथ यात्रियों को लेकर जा रही एक टोयोटा इनोवा सड़क किनारे खड़े डंपर से टकरा गई। यह हादसा संगूर चौक के पास हुआ, जिसमें चार श्रद्धालु घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बचाकर सरकारी मेडिकल कॉलेज (GMC) उधमपुर अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

वहीं, इससे पहले 13 जुलाई को रामबन जिले के चंदरकोट लंगर प्वाइंट के पास दो जेकेआरटीसी (JKRTC) बसों और एक कार की टक्कर में 18 अमरनाथ यात्री घायल हो गए थे। इस हादसे के बाद प्रशासन, CRPF, सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त रूप से राहत और बचाव अभियान चलाकर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया था। बता दें कि 57 दिनों की अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू हुई है और इसका समापन 28 अगस्त को रक्षा बंधन के दिन होगा। फिलहाल मौसम सामान्य होने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू करने पर फैसला लिया जाएगा।