Breaking News

‘ईरानी नेताओं को एक-एक करके खत्म करने का संकल्प लिया’, बोले इजरायली रक्षा मंत्री     |   ईरान के IRGC ने इंटेलिजेंस संगठन के प्रमुख माजिद खादेमी की मौत की पुष्टि की     |   ईरान के खूजस्तान में अमेरिकन-यूएस एक्सिस से जुड़े 42 संदिग्ध गिरफ्तार     |   ‘अस्थायी सीजफायर’ के बदले होर्मुज को फिर नहीं खोला जाएगा: ईरानी अधिकारी     |   वेस्ट एशिया संघर्ष के बीच एयरफोर्स चीफ अमर प्रीत सिंह अमेरिका दौरे पर पहुंचे     |  

अमेरिकी टैरिफ संबंधी चिंताओं और विदेशी पूंजी निकासी से बाजार में गिरावट, सेंसेक्स 585 अंक लुढ़का

कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच शुक्रवार को लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में गिरावट के साथ शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट दर्ज की गई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत सहित 70 देशों पर टैरिफ लगाने की घोषणा की है। इसके तहत इन देशों को अमेरिका को निर्यात किए जाने वाले सामानों पर 25 फीसदी टैरिफ का सामना करना पड़ेगा।

विदेशी पूंजी की लगातार निकासी से बाजार में नकारात्मक भावना और बढ़ गई। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 585 अंक लुढ़ककर 80,599 पर जबकि 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 203 अंक गिरकर 24,565 पर बंद हुआ।

सेंसेक्स में शामिल शेयरों में सन फार्मा, टाटा स्टील, मारुति सुजुकी, टाटा मोटर्स और इंफोसिस सबसे ज्यादा लुढ़के। वहीं ट्रेंट लिमिटेड, एशियन पेंट्स, हिंदुस्तान यूनिलीवर, आईटीसी और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर सबसे ज्यादा चढ़े।

क्षेत्रीय मोर्चे पर एफएमसीजी सूचकांक को छोड़कर दूसरे सभी सूचकांक कमजोर रहे। हेल्थकेयर, ऑटो, आईटी, मेटल, टेलिकॉम, फाइनेंशियल सर्विसेज और बैंकिंग शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट देखी गई। जापान का निक्केई, हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग, चीन का शंघाई कम्पोजिट और सियोल का कोस्पी सहित लगभग सभी एशियाई बाजार गिरावट के साथ जबकि इंडोनेशिया का जकार्ता कम्पोजिट बढ़त के साथ बंद हुआ।

यूरोपीय बाजार शुक्रवार को नकारात्मक दायरे में कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार गुरुवार को गिरावट के साथ बंद हुए। विदेशी संस्थागत निवेशक गुरुवार को शुद्ध विक्रेता रहे और उन्होंने लगभग 5,589 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।