Breaking News

सुप्रीम कोर्ट में पत्र याचिका दायर, सोनम वांगचुक को दोबारा जंतर-मंतर भेजने की मांग     |   जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में सड़क दुर्घटना में 6 लोग घायल     |   जंतर-मंतर पर अभिजीत दिपके पर महिला ने फेंकी इंक     |   तबीयत बिगड़ने के बाद दिल्ली AIIMS रेफर किए गए लालू यादव     |   'विक्रम-1' ने श्रीहरिकोटा से भरी उड़ान     |  

खराब मौसम से केदारनाथ हेली सेवाएं प्रभावित, यात्रियों की सुरक्षा के लिए उड़ानें अस्थायी रूप से रोकी गईं

केदारनाथ धाम के लिए संचालित हेलीकॉप्टर सेवाएं खराब मौसम के कारण लगातार प्रभावित हो रही हैं। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन और हेली ऑपरेटरों ने कई बार उड़ान सेवाएं अस्थायी रूप से स्थगित की हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से धैर्य बनाए रखने और सेवाएं दोबारा शुरू होने संबंधी आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करने की अपील की है।

बाबा केदार के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु हेलीकॉप्टर सेवाओं का उपयोग कर रहे हैं, लेकिन केदारनाथ घाटी में विशेषकर दोपहर के बाद मौसम अचानक खराब हो जाने से उड़ानों का संचालन प्रभावित हो रहा है। सेवाएं बाधित होने के कारण कई यात्रियों को अगले दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है, जबकि कुछ श्रद्धालुओं को केदारनाथ में रात बितानी पड़ रही है।

रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि मौसम कभी भी बदल सकता है। उन्होंने कहा, “यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दिशा-निर्देशों के अनुसार हेली सेवाएं रोकी जाती हैं। हेली ऑपरेटरों को निर्देश दिए गए हैं कि वे यात्रियों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराएं, उनकी मूलभूत जरूरतों का ध्यान रखें और समय पर दर्शन कराने में सहयोग करें।”

इस बीच, रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन ने केदारनाथ यात्रा मार्ग पर स्वच्छता अभियान भी तेज कर दिया है। प्रशासन के अनुसार, गौरीकुंड से केदारनाथ धाम तक अब तक करीब 25 टन कचरा एकत्र किया जा चुका है। जैविक और अजैविक कचरे को अलग-अलग छांटकर वैज्ञानिक तरीके से निस्तारित किया जा रहा है, जबकि प्लास्टिक कचरे को रीसाइक्लिंग के लिए भेजा जा रहा है। प्रशासन ने कहा कि यात्रा को स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाए रखने का अभियान लगातार जारी रहेगा।